कर्नाटक में HMPV Virus के मिले दो केस, ICMR ने की पुष्टि, देश में अलर्ट

HMPV Virus : भारत में चीन में फैल रहे ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी दी है कि कर्नाटक में दो मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने स्थिति पर चर्चा के लिए आपात बैठक बुलाई है।
तीन महीने की बच्ची और आठ महीने का बच्चा संक्रमित
रिपोर्ट के अनुसार, संक्रमितों में तीन महीने की बच्ची और आठ महीने का एक बच्चा शामिल है। दोनों ही मामलों में अंतरराष्ट्रीय यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। सरकार ने जनता से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बरतना आवश्यक है।
ब्रोंकोन्यूमोनिया की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि तीन महीने की बच्ची को ब्रोंकोन्यूमोनिया की शिकायत के बाद बेंगलुरु के बैपटिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में HMPV संक्रमण की पुष्टि हुई, हालांकि उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
आठ महीने का बच्चा भी ब्रोंकोन्यूमोनिया से पीड़ित था और उसे 3 जनवरी को उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी जांच में भी HMPV संक्रमण की पुष्टि हुई, लेकिन अब उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि देश में ILI (इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी) और SARI (सांस संबंधी गंभीर बीमारी) के मामलों में असामान्य वृद्धि नहीं हुई है। हालांकि, सतर्कता के तहत निगरानी जारी है। ICMR और IDSP नेटवर्क के आंकड़े बताते हैं कि स्थिति नियंत्रण में है।
HMPV संक्रमण के लक्षण
HMPV संक्रमण के लक्षण ILI और SARI से मिलते-जुलते हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत श्वसन संबंधी बीमारियों में किसी भी संभावित वृद्धि से निपटने के लिए तैयार है और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय तुरंत लागू किए जा सकते हैं।
दुनिया भर में फैला वायरस
HMPV वायरस का असर केवल भारत में नहीं बल्कि कई अन्य देशों में भी देखा गया है। वैश्विक स्तर पर यह संक्रमण पहले से मौजूद है, जिससे सतर्कता और जागरूकता बनाए रखना जरूरी हो गया है।
.webp)
