1. Home
  2. राष्ट्रीय

Uttarkashi Helicopter Crash: उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, चार की मौत, दो घायल

Uttarkashi

Uttarkashi Helicopter Crash : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक भीषण हेलीकॉप्टर दुर्घटना हो गई है। यह हादसा गंगनानी से आगे नाग मंदिर के नीचे, भागीरथी नदी के पास हुआ। हेलीकॉप्टर में 5 से 6 यात्री सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। देहरादून से उड़ान भरने वाला यह हेलीकॉप्टर हर्षिल हेलीपैड की ओर जा रहा था।

घटना की पुष्टि और प्रशासन की कार्रवाई

गढ़वाल के मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस बल, सेना, आपदा प्रबंधन दल, एंबुलेंस, तहसीलदार भटवाड़ी और बीडीओ भटवाड़ी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। हेलीकॉप्टर एक निजी एयरलाइंस कंपनी का बताया जा रहा है।

Add

मौसम बना हादसे की वजह?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम को इस दुर्घटना के पीछे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यदि मौसम खराब था, तो उड़ान की अनुमति कैसे दी गई। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "उत्तरकाशी के गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है। राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं।"

मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकग्रस्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को हरसंभव सहायता दी जाए और हादसे की विस्तृत जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री स्वयं लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं।