Waqf Bill Protest: पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून के विरोध में फिर भड़की हिंसा, दक्षिण 24 परगना में पुलिस पर हमला, गाड़ियां फूंकी

Waqf Bill Protest: पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन कानून के विरोध में विरोध-प्रदर्शन एक बार फिर हिंसक रूप ले चुका है। सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, सरकारी वाहनों में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ की। हालात को काबू में करने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
लगातार जारी है कानून के खिलाफ आक्रोश
राज्य में बीते कुछ दिनों से वक्फ कानून को लेकर जनता का गुस्सा सड़कों पर नजर आ रहा है। सोमवार को इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के विधायक नौशाद सिद्दीकी के नेतृत्व में दक्षिण 24 परगना में प्रदर्शन किया जा रहा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बैरमपुर में सड़क पर जाम लगा दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
मुर्शिदाबाद में भी हालात बेकाबू, गांव जलाए जाने का आरोप
वहीं दूसरी ओर, मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा को लेकर सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "मैं बड़ी मुश्किल से उस गांव तक पहुंच सका जहां हालिया हिंसा हुई। वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने कई बार मदद की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पूरा गांव जला दिया गया, घर लूट लिए गए और आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी तक नहीं पहुंची।"
स्थिति पर नियंत्रण के प्रयास
प्रशासन ने हिंसाग्रस्त इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। हालात पर नजर रखने के लिए निगरानी टीमों को भी लगाया गया है। हालांकि, बार-बार भड़कती हिंसा ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.webp)
