Weather Update : उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने इन राज्यों में बारिश की जताई संभावना!

Weather Update : देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। बुधवार को हिमाचल के मैदानी इलाकों से लेकर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत लगभग 10 राज्यों में सूर्य की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया। अप्रैल के महीने में ही लोगों को मई-जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी का अनुभव हो रहा है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ राज्यों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जिससे हल्की राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल जैसे राज्यों में गुरुवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बुधवार को तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। कई गांवों में अचानक बदले मौसम से लोग डर गए। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं कुल्लू और शिमला में बादल छाए रहे। इससे कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट देखी गई।
बिहार और झारखंड में बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई। बिहार के बेगूसराय जिले में पांच, मधुबनी में तीन और दरभंगा में चार लोगों की मौत हो गई। समस्तीपुर में भी एक व्यक्ति की जान गई। झारखंड के कोडरमा जिले में एक स्कूल पर वज्रपात होने से नौ छात्राएं घायल हुईं, हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं।
मध्य प्रदेश, गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र और राजस्थान के कई हिस्सों में लू का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि इन इलाकों में अभी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलाव की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार से 45 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। बुधवार को पूर्वी हवाएं चलीं और कई स्थानों पर बादल छाए रहे। संतकबीरनगर, बहराइच और चुर्क में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
13 अप्रैल के बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम के साफ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता धीरे-धीरे समाप्त होगी और तापमान में दोबारा वृद्धि शुरू हो सकती है। इसके चलते लोगों को फिर से तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
.webp)
