1. Home
  2. राष्ट्रीय

West Bengal : होली पर बीरभूम में हिंसक झड़प के बाद तनाव, इंटरनेट सेवाएं बंद, BJP का आरोप- ममता सरकार छिपा रही हिंसा

West Bengal : होली पर बीरभूम में हिंसक झड़प के बाद तनाव, इंटरनेट सेवाएं बंद, BJP का आरोप- ममता सरकार छिपा रही हिंसा

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। राज्य सरकार ने हालात पर काबू पाने के लिए प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, घटना होली के दिन (14 मार्च 2025) को सैंथिया में हुई, जब दो पक्षों के बीच बहस बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई।

अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए इंटरनेट बंद

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की अफवाह या गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से पांच ग्राम पंचायत क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है। यह प्रतिबंध 14 मार्च से 17 मार्च तक प्रभावी रहेगा। पत्थरबाजी की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

प्रभावित क्षेत्र

राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन क्षेत्रों में अस्थायी रूप से संदेशों के प्रसारण को रोका गया है। इंटरनेट प्रतिबंध के दायरे में सैंथिया, हटोरा ग्राम पंचायत, मठपालसा ग्राम पंचायत, हरिसरा ग्राम पंचायत, दरियापुर ग्राम पंचायत और फुलुर ग्राम पंचायत शामिल हैं।

विपक्ष का आरोप— सरकार छिपा रही हिंसा

इस घटना पर राज्य सरकार को घेरते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इंटरनेट बंद करने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने इसे प्रशासन की विफलता करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार हिंसा की सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रही है। बीजेपी नेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, "राज्य सरकार अपनी छवि बचाने के लिए सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को दबाने का प्रयास कर रही है। मैं गृह मंत्रालय और राज्यपाल से अनुरोध करता हूं कि वे बिगड़ती कानून व्यवस्था पर राज्य के मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगें।"

अन्य जिलों में भी हिंसा का दावा

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि झड़पें सिर्फ बीरभूम तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि तामलुक, नंदकुमार और राज्य के अन्य हिस्सों में भी हिंसा हुई। वहीं, केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है और हालात बेकाबू होते जा रहे हैं।