1. Home
  2. राष्ट्रीय

Youtuber Jyoti Malhotra : क्या पहलगाम आतंकी हमले से ज्योति मल्होत्रा का कनेक्शन? गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने किए कई बड़े खुलासे

Jyoti

Youtuber Jyoti Malhotra Pahalgam Terror Attack Link : पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर जांच एजेंसियों के हाथ लगातार नए सुराग लग रहे हैं। रविवार को हिसार के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने मीडिया को बताया कि जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, उस दौरान ज्योति पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी दानिश के संपर्क में थी।

सेंट्रल एजेंसी से मिले इनपुट के बाद हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर हरियाणा पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि वह कई बार पाकिस्तान और चीन की यात्रा कर चुकी है। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले से करीब तीन महीने पहले वह श्रीनगर पहुंची थी और इस दौरान पहलगाम घूमने भी गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसकी इस यात्रा का आतंकी गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं।

Jyoti

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी पाक एजेंसियों से जुड़ी थी ज्योति

एसपी सावन ने यह भी बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव, विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद, ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संपर्क में थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसकी पाकिस्तान यात्रा और पहलगाम आतंकी हमले के बीच कोई कड़ी है या नहीं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

ज्योति मल्होत्रा पर सरकारी गोपनीयता कानून 1923 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसमें जासूसी और संवेदनशील जानकारी साझा करने के गंभीर आरोप हैं। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, उसने पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि वह पाकिस्तान से संचालित एजेंटों के साथ संवेदनशील सूचनाएं साझा करती रही है।

हरियाणा में यह इस सप्ताह की तीसरी गिरफ्तारी है, जो भारत-पाक तनाव के बीच जासूसी नेटवर्क के गहराते खतरे की ओर इशारा करती है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं।