.PDA ऑडिट जारी कर BJP पर बरसे अखिलेश, बोले- सत्ता में आए तो कराएंगे जातीय जनगणना

प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पहले 90 दिनों के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती के पीड़ित अभ्यर्थियों को उनका पूरा अधिकार दिलाया जाएगा।
22 भर्तियों में आरक्षण घोटाले का आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों का उल्लंघन हुआ है। उनके मुताबिक पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के कुल 11,514 पदों पर आरक्षण का नुकसान हुआ।
उन्होंने विशेष रूप से 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि इस भर्ती में ओबीसी वर्ग का 23.14 प्रतिशत और एससी वर्ग का 4.8 प्रतिशत आरक्षण प्रभावित हुआ, जिससे करीब 7,933 पदों का नुकसान हुआ।
अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण कोई खैरात नहीं, बल्कि संविधान से मिला अधिकार है। उन्होंने भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सपा के आंकड़े गलत हैं तो सरकार सही आंकड़े सार्वजनिक करे।
लेटरल एंट्री और रोजगार को लेकर सरकार पर हमला
सपा अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं को रोजगार से दूर रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बजट का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा और प्रशासनिक सेवाओं में बिना परीक्षा के ‘लेटरल एंट्री’ के जरिए पसंदीदा लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब युवाओं को न्याय पाने के लिए सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष करना पड़े, तो यह सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है।
हर गांव तक पहुंचेगी ‘आरक्षण घोटाला पुस्तक’
आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति स्पष्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर कम से कम पांच नए वोट जोड़ने की अपील की।
उन्होंने घोषणा की कि पार्टी एक सप्ताह के भीतर ‘आरक्षण घोटाला पुस्तक’ को उत्तर प्रदेश के हर गांव और घर तक पहुंचाएगी, ताकि भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखा जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘PDA ऑडिट’ का दूसरा अंक भी जल्द जारी किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में दिखा हल्का अंदाज
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में अखिलेश यादव अपने पुराने हल्के-फुल्के अंदाज में भी नजर आए। भाजपा पर मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वे मीडिया की किसी बात को दिल पर नहीं लेंगे और न ही किसी टिप्पणी से उन्हें ठेस पहुंचेगी।
.webp)
