1. Home
  2. राजनीति विशेष

अखिलेश यादव का केंद्र सरकार से सवाल, पूछा - रक्षा अभियानों के लाइव कवरेज की अनुमति क्या रणनीतिक लापरवाही थी या...

Akhilesh Yadav

Pahalgam Terror Attack : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव गहराता जा रहा है। इसी बीच, शनिवार को सरकार ने सभी मीडिया संस्थानों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सुरक्षाबलों की गतिविधियों की लाइव कवरेज से परहेज किया जाए। इस फैसले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला

अखिलेश यादव ने डिफेंस ऑपरेशन्स की लाइव रिपोर्टिंग पर सवाल उठाते हुए कहा, "क्या संवेदनशील अभियानों की लाइव कवरेज की अनुमति देना एक रणनीतिक गलती थी या फिर यह राजनीतिक फायदे के उद्देश्य से किया गया था? सरकार को तुरंत इस पर सफाई देनी चाहिए। कल को फिर सरकार कहेगी कि 'पहली चूक के बाद यह दूसरी चूक' हो गई।"

मीडिया के दखल पर जताई नाराजगी

सपा प्रमुख ने आगे कहा कि, "सुरक्षा जैसे अति महत्वपूर्ण क्षेत्र में मीडिया का अनावश्यक हस्तक्षेप बेहद खतरनाक है। लाइव कवरेज से दुश्मन ताकतों को हमारे सुरक्षा बलों की स्थिति और रणनीति का पता चल सकता है, जिससे जवानों की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसी गतिविधियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। देश और सैनिकों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता।"

सरकार ने दी सख्त हिदायत

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी मीडिया हाउस, समाचार एजेंसियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को चेताया है कि रक्षा और सुरक्षा अभियानों से जुड़ी रिपोर्टिंग में विशेष सावधानी बरतें और सेना के ऑपरेशन्स का सीधा प्रसारण न करें। सरकार ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी कदम बताया है।