1. Home
  2. राजनीति विशेष

नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- अगला नंबर…समझदार को इशारा काफी

Akhilesh Yadav

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात को ‘अपहरण और फिरौती’ से जोड़ते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार के इतिहास का सबसे बड़ा अपहरण! यह देखने में राजनीतिक अपहरण लगता है, लेकिन असल में यह बिहार का आर्थिक अपहरण है। भाजपा ने तो फिरौती में पूरा बिहार ही मांग लिया है। अगला नंबर… समझदार को इशारा काफी।”

तेजस्वी यादव ने भी भाजपा पर लगाए आरोप

इससे पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भी भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड को खत्म करने की साजिश रच रही है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’ का नारा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भी उन्होंने कहा था कि भाजपा ने नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लिया है और उन्हें दोबारा मजबूत तरीके से कुर्सी पर बैठने नहीं दिया जाएगा।

‘रबर स्टांप मुख्यमंत्री’ बनाने की कोशिश का आरोप

तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा जिसके साथ भी गठबंधन करती है, अंत में उसे कमजोर करने का काम करती है। उनका आरोप है कि भाजपा नहीं चाहती कि बिहार में कोई ऐसा नेता मजबूत रहे जो पिछड़े वर्ग, दलित और आदिवासी समाज की आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ‘रबर स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहती है।

तेजस्वी यादव ने यह टिप्पणी राजद के राज्यसभा उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।

बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन को लेकर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल और गर्म होने की संभावना है।