1. Home
  2. राजनीति विशेष

अखिलेश यादव ने सीएम योगी को बताया Out Going CM, बोले- उनके साथ जो दो डिप्टी....

Akhilesh Yadav

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को आजमगढ़ में अपने नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस भव्य इमारत को उन्होंने "PDA भवन" नाम दिया, जिसका अर्थ है– पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की एकता। उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा।

'हमारे कार्यालय से बीजेपी का ऑफिस फीका लगता है'

जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्होंने बीजेपी के कई मंजिला कार्यालय देखे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी का नया कार्यालय उनसे कहीं अधिक आकर्षक और शानदार है। उन्होंने तंज कसा, "बीजेपी वालों ने छोटा ऑफिस इसलिए बनवाया, क्योंकि उन्हें पता है कि आजमगढ़ से उनका खाता नहीं खुलेगा।"

'CM योगी D से डरते हैं'

अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा, "मुख्यमंत्री योगी हमें D कंपनी से जोड़ते हैं, जबकि सच्चाई ये है कि वो खुद D से घबराते हैं—D से दिल्ली और D से डिप्टी सीएम।" उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की जनता ने हमेशा उन्हें जो सम्मान दिया है, वैसा सम्मान बहुत कम जिलों में देखने को मिलता है।

PDA की एकता ही दिलाएगी सत्ता

सपा प्रमुख ने कहा, "हमारे कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि इस कार्यालय का नाम क्या हो। हमने इसे 'PDA भवन' नाम दिया है, क्योंकि PDA की एकता ही हमें सत्ता दिला सकती है।" उन्होंने आगे कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी ने सबसे ज़्यादा लोकसभा सीटें जीतीं, जो इंडिया गठबंधन और PDA की रणनीति की जीत है।

'आजमगढ़ का समाजवाद से पुराना नाता'

लखनऊ। अखिलेश ने कहा कि आजमगढ़ का समाजवाद से गहरा और ऐतिहासिक संबंध है। उन्होंने लखनऊ से आजमगढ़ को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाजवादी सरकार की देन है। वहीं, भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जो सड़कें बनाईं, वे महंगी तो हैं, पर अधूरी हैं न उनके किनारे मंडी है, न युवाओं के लिए रोज़गार।

'OCM और DCM की जोड़ी नहीं चलेगी'

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी को 'OCM' यानी Out Going CM करार दिया और कहा कि उनके साथ जो दो 'DCM' (डिप्टी सीएम) हैं, वे भी अब अलविदा कहने की तैयारी कर लें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "इनकी सरकार की टंकियां भ्रष्टाचार का भार झेल नहीं पातीं, फट जाती हैं, और आगे और भी फटेंगी।"

'AI से तय करें जीत का रास्ता'

अखिलेश ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से हर विधानसभा में 10-10 हजार वोट बढ़ाने की योजना बनानी चाहिए, ताकि अगली बार समाजवादी पार्टी का इतिहास रच जाए।

'बीजेपी के विधायक सीसीटीवी में पकड़े गए'

सभा के अंत में उन्होंने कहा कि बीजेपी के विधायक अब चोरी करते पकड़े जा रहे हैं, और वो भी सीसीटीवी कैमरे की मदद से। चंडीगढ़ में बोट की चोरी की घटना को उन्होंने इसका उदाहरण बताया।