हजारों करोड़ रुपये प्रचार और दुर्घटना की खबरें दबाने में…अखिलेश यादव ने महाकुंभ भगदड़ पर योगी सरकार को घेरा, दे डाला यह सुझाव

Akhilesh Yadav On Mahakumbh Stampede: मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 30 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 90 लोग घायल हो गए। इनमें से 60 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाकुंभ में भगदड़ की घटना के बाद विपक्षी दल लगातार योगी सरकार पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की और महाकुंभ में फंसे लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए कई सुझाव दिए है।
अखिलेश यादव के सुझाव
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर सरकार को राहत कार्यों को लेकर सुझाव देते हुए कहा कि—
- जगह-जगह भोजन और पानी की व्यवस्था के लिए 24 घंटे ढाबे और भंडारे संचालित किए जाएं।
- प्रदेश भर से मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ को स्वयंसेवकों के माध्यम से दूरस्थ इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
- महाकुंभ के आसपास और राज्यभर में जाम में फंसे वाहनों को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- दवा की दुकानों को 24 घंटे खुला रखने की अनुमति दी जाए।
- जरूरतमंदों को कपड़े और कंबल वितरित किए जाएं।
सरकार पर खर्च को लेकर सवाल
अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, "हजारों करोड़ रुपये प्रचार और दुर्घटना की खबरें दबाने में खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन पीड़ितों की सहायता के लिए कुछ करोड़ रुपये खर्च करने में सरकार पीछे क्यों हट रही है?"
बता दें कि अखिलेश यादव पहले भी महाकुंभ की व्यवस्थाओं और संगम स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर सवाल खड़े कर चुके हैं।
.webp)
