सपा कार्यालय पर बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव का पलटवार, दे डाली ये चेतावनी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा हमारी पार्टी का जिला कार्यालय गिरा रही है, लेकिन याद रखिए, “जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, वह खुद भी एक दिन उसमें गिरता है।” अखिलेश ने चेतावनी दी कि अगर सपा का कार्यालय तोड़ा गया तो सपा सरकार बनने पर भी बुलडोजर चलेगा।
"एनकाउंटर से अपराध नहीं रुकते"
अखिलेश यादव ने एनकाउंटर नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्या एनकाउंटर से डकैती, हत्या और अपराध रुक गए? सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए एनकाउंटर का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर सुधारने की जगह सरकार दिखावे में लगी है और जीरो टॉलरेंस की नीति अब फेल साबित हो चुकी है।
भाजपा नेताओं पर जमीन कब्जे का आरोप
अखिलेश ने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के लोग अयोध्या, मथुरा, वृंदावन और वाराणसी जैसी पवित्र नगरी की कीमती जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नगरी गोरखपुर में भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
"वोट चोरी का खेल चल रहा है"
अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा सरकार वोट चोरी में भी लिप्त है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महोबा जिले में एक ही घर के पते पर 4,000 वोट बना दिए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा का बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ झूठा प्रचार फैलाने के लिए खड़ा किया गया है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है और सच को पहचान रही है।
.webp)
