1. Home
  2. राजनीति विशेष

अखिलेश यादव ने CM Yogi को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा- BJP के सदस्य नहीं, केवल चुनाव के लिए...

Akhilesh Yadav

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि "वो बीजेपी के सिर्फ चुनावी चेहरे हैं, असल में पार्टी से उनका कोई वास्ता नहीं है।"

"जहां जमीन दिखी, वहीं कब्जा करने लगी बीजेपी"

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार अब जमीनों पर अवैध कब्जे करने लगी है और इसमें प्रशासन उनका पूरा साथ दे रहा है। उन्होंने कहा कि हर जिले में जमीन पर कब्जा करने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “जब माता प्रसाद पांडे अपनी जमीन पर निर्माण करवा रहे थे, तो प्रशासन ने बुलडोजर भेज दिया। वहां बीजेपी के कार्यकर्ता, पुलिस और प्रशासन एक साथ थे।”

"गोरखपुर में गोरखधंधा, मेट्रो नहीं सपना बना"

सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वादा किया था कि गोरखपुर में मेट्रो बनेगी, लेकिन 9 सालों में कुछ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में विकास नहीं, बल्कि 'गोरखधंधा' चल रहा है। "अगर गोरखपुर की सच्चाई उजागर हो गई, तो वहां विरासत नहीं, हिरासत का गलियारा बनाना पड़ेगा," अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा।

"कॉरिडोर के नाम पर चल रहा लूटतंत्र"

अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी कॉरिडोर के नाम पर जमीनों की लूट कर रही है। उन्होंने कहा कि जब सीएम योगी की खुद की जमीन का मामला था, तब अधिकतम कीमत पर मुआवजा लिया गया, लेकिन आम लोगों को सही मुआवजा नहीं मिल रहा। "अयोध्या और प्रयागराज में बीजेपी की हार हुई, अब गोरखपुर और मथुरा का नंबर है," उन्होंने दावा किया।

"हमारी सरकार आएगी तो गोरखपुर में विकास होगा"

पूर्व मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो गोरखपुर में विकास का असली गलियारा बनेगा। उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के प्रयासों से जो उद्योग शुरू हुए थे, वे समाजवाद की असली देन हैं।

"लखनऊ में भी हो रही है जमीनों की बंदरबांट"

अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ का भी जिक्र करते हुए कहा कि यहां कई तालाबों पर कब्जा हो चुका है। "2017 तक जो तालाब सेटेलाइट मैप में दिखाई देते थे, अब गायब हैं। अगर इसकी सच्चाई जाननी है तो शायद अमेरिका तक जाना पड़े," उन्होंने तंज कसते हुए कहा।