COVID-19 के बढ़ते मामलों को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को चेताया, कहा- बीजेपी की चूक हमेशा..

Akhilesh Yadav On Coronavirus Case: हांगकांग और सिंगापुर के बाद अब भारत में भी कोरोना वायरस ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। हाल के दिनों में कोविड-19 के मामलों में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, जिसने स्वास्थ्य तंत्र और आम जनता के बीच चिंता बढ़ा दी है। इसी पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार को समय रहते सतर्क होने की सलाह दी है।
“भय से नहीं, सतर्कता से निपटें कोरोना से– अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के जरिए सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी बीमारियां अपना रूप बदलकर आती हैं, इसलिए सरकार को अपने स्वास्थ्य चिकित्सा और सूचना तंत्र का सदुपयोग करना चाहिए ताकि लोगों में डर न फैले. सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार को कोविड-19 के खतरे से आगाह किया है।
कोरोना वैक्सीन पर भी उठाए सवाल
उन्होंने लिखा- "खतरे की घंटी बजने से पहले कोरोना के नियंत्रण और रोकथाम के लिए सरकार को समय रहते चेतना होगा, पिछली बार की तरह की लापरवाही और बदइंतजामी की चूक फिर से न दोहराई जाए. बीजेपी की चूक हमेशा लोगों के लिए जानलेवा साबित होती है. अब तो कोरोना का वो टीका भी नाकाम साबित हो चुका है, जिसके सर्टिफिकेट बढ़-चढ़कर बांटे गए थे, इसीलिए इस बार सजगता की और भी अधिक जरूरत है।
“डर नहीं, समझदारी जरूरी”
अखिलेश यादव ने आगे लिखा, "हम सबको जनता को ये समझाना है कि कोरोना के हालात हालांकि अभी बेहद गंभीर नहीं हैं, फिर भी इसके प्रति उपेक्षा न बरती जाए, क्योंकि ऐसी बीमारियां रूप बदलकर आती हैं. अतः सरकार अपने स्वास्थ्य-चिकित्सा और सूचना तंत्र का सदुपयोग करे और जनता में कोरोना का भय न फैलने दे.'
फिलहाल भारत में स्थिति क्या है?
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 19 मई 2025 तक देश में 257 सक्रिय कोविड-19 मरीज हैं। इन मामलों में अधिकतर को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के मामलों में फिर से इजाफा हो रहा है, जो भारत के लिए भी चेतावनी हो सकता है।
.webp)
