आतिशी का बड़ा आरोप, बोली- दिल्ली के लिए विपदा बनी BJP, सत्ता में...

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने राजधानी में बिजली कटौती के बढ़ते मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद दिल्ली में लगातार बिजली कटौती हो रही है। आतिशी ने गुरुवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, 'दिल्ली के लिए विपदा बनी भाजपा, सत्ता में आते ही लंबे पावर कट की शुरुआत कर दी।'
बिजली कटौती को लेकर AAP का आरोप
आतिशी ने कहा कि पिछले तीन दिनों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले AAP सरकार रोजाना पावर सेक्टर की निगरानी करती थी, जिससे ऐसी समस्याएं नहीं आती थीं।
इन इलाकों में रही बिजली कटौती
उन्होंने दावा किया कि:
- 9 फरवरी को सैनिक एनक्लेव, मोहन गार्डन में 4 घंटे का पावर कट हुआ।
- सनलाइट कॉलोनी, आश्रम में पूरी रात बिजली नहीं थी।
- राधेपुर में 2 घंटे तक बिजली नहीं आई।
- विकासपुरी में 4 घंटे बिजली गुल रही।
गर्मी बढ़ने पर स्थिति और खराब होने का अंदेशा
कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग इन्वर्टर खरीदने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 'फरवरी में ही बिजली कटौती इतनी बढ़ गई है, तो मई-जून में हालात कितने खराब होंगे, जब 8500 मेगावॉट से अधिक पीक डिमांड होगी?'
बीजेपी पर तीखा हमला
आतिशी ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि दिल्ली को उत्तर प्रदेश बनाने की कोशिश की जा रही है, जहां कई घंटों की बिजली कटौती आम बात है।
सरकार संचालन को लेकर भी उठाए सवाल
जब उनसे पूछा गया कि वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में खुद कार्रवाई क्यों नहीं कर रहीं, तो आतिशी ने कहा कि 8 फरवरी को ही आदेश जारी कर दिया गया था कि मंत्रियों के ऑफिस पर ताला लगा दिया जाए और उन्हें किसी भी फाइल को देखने न दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी 8 फरवरी से ही दिल्ली सरकार का संचालन कर रही है।
AAP को बड़ा झटका, BJP ने बनाई सरकार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP को करारा झटका लगा, जहां 70 में से केवल 22 सीटों पर जीत मिली, जबकि बीजेपी ने 48 सीटों पर कब्जा किया। अब सभी की नजरें नई सरकार के गठन पर टिकी हैं।
.webp)
