1. Home
  2. राजनीति विशेष

Bihar Chunav : जनसभा में हरे गमछे पर भड़के तेज प्रताप यादव, कहा- बोले- जयचंदवा की पार्टी का है…

Tej Pratap

गया। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी के समर्थन में तेज प्रताप यादव ने गया जिले के वजीरगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि “स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट गांव चाहिए,” इसलिए जनता को ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहिए जो गांवों के विकास के लिए काम करे।

तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि “हरा पार्टी वाले लोगों को भरमा रहे हैं। अगर उनके चक्कर में आ गए तो अगले पांच साल फिर कुछ नहीं होगा।

सभा के दौरान एक शख्स हरा गमछा पहनकर पहुंचा तो तेज प्रताप यादव भड़क उठे। उन्होंने कहा, “देखिए, जयचंदवा की पार्टी वाला यहां आ गया है… उतारो इस हरे गमछे को, यहां जनशक्ति जनता दल की सभा है। उतारिए नहीं तो सिपाही उतार देगा।”

उन्होंने आगे कहा, “यहां हरा नहीं, कृष्ण भगवान का पीला गमछा चलेगा। हम डरने वाले नहीं हैं, जो दिल में होता है, वही मुंह पर बोलते हैं।”

अंत में तेज प्रताप यादव ने लोगों से अपील की कि वे 11 नवंबर को मतदान के दिन जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी के पक्ष में वोट दें। उन्होंने कहा, “पांच नंबर के सामने नीला बटन इतनी जोर से दबाइए कि मशीन ही खराब हो जाए।”

सभा के दौरान भीड़ में भारी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने तेज प्रताप यादव के समर्थन में जमकर नारे लगाए।