1. Home
  2. राजनीति विशेष

Bihar : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का लालू यादव पर तीखा प्रहार, बोले- अपने बेटे को अपने DNA पर लॅान्च....

Bihar : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का लालू यादव पर तीखा प्रहार, बोले- अपने बेटे को अपने DNA पर लॅान्च....

Bihar :बिहार के गया जिले के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj singh) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने छपरा में अपने बेटे को राजनीति में लॉन्च किया और दावा किया कि अगर वह मुख्यमंत्री बने तो बिहार विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। लेकिन, असली सच यह है कि लालू के शासनकाल में कानून व्यवस्था बदहाल थी।

"लालू अपने बेटे को अपने डीएनए पर लॉन्च करना चाहते हैं"

गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू यादव अपने बेटे को अपने ही डीएनए पर राजनीति में उतारना चाहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "उनके बेटे की खुद की कोई कमाई नहीं है, जबकि लालू के डीएनए में लूट, बलात्कार, डकैती, आगजनी और फिरौती जैसे 'रोजगार मॉडल' शामिल हैं।"

उन्होंने बिहार की मौजूदा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में अब डबल इंजन की सरकार है, जिसमें नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार मिलकर बिहार का विकास कर रहे हैं।

"आज का युवा लालू का मॉडल नहीं अपनाएगा"

बीजेपी नेता ने दावा किया कि बिहार में तेजी से बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है। उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए अब 17 पुल बन चुके हैं, सड़कें विकसित हो रही हैं और बिजली की आपूर्ति लगातार बेहतर हो रही है। उन्होंने कहा कि अब गया में टेक्सटाइल उद्योग का नया रूप देखने को मिलेगा, जहां पावर और एयर जेट जैसी आधुनिक मशीनें आएंगी और उद्योगों का कायाकल्प होगा।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "पहले लोग बच्चों को डराने के लिए कहते थे कि बेटा, सो जा वरना गब्बर सिंह आ जाएगा। अब लोग कहेंगे, भूलकर भी लालू के मॉडल को मत देखना।"

"बिहार अब लालटेन युग में नहीं जाएगा"

जब तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार को 'खटारा गाड़ी' बताया, तो गिरिराज सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, "तेजस्वी को गाड़ी का क्या पता, वे तो बैलगाड़ी वाले हैं।" उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बिहार में सड़कें, रेलवे, बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास किया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता अब फिर से अंधेरे में नहीं जाएगी और लालटेन युग का दौर खत्म हो चुका है।

"बिहार में फिर से NDA की सरकार बनेगी"

जब उनसे सी-वोटर्स सर्वे में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में दिखाने के दावे पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "सर्वे में कुछ भी बता सकते हैं, लेकिन नतीजा खोदा पहाड़, निकली चुहिया जैसा ही रहेगा।"

उन्होंने दावा किया कि एम-वाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण अब बिहार में अप्रासंगिक हो चुका है और एनडीए फिर से सत्ता में आएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।