1. Home
  2. राजनीति विशेष

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने खोले पत्ते, कई बड़े नेताओं को मिला टिकट​​​​​​​

BJP

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से कई अनुभवी और संगठनात्मक रूप से मजबूत नेताओं को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने अरुणाचल प्रदेश से ताई तगाक को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार, जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को टिकट दिया गया है। मध्य प्रदेश से पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल को मैदान में उतारा है।

इसके अलावा मणिपुर से ए. शारदी देवी, राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और सतीश पूनिया, जबकि ओडिशा से देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार बनाया गया है।

सतीश पूनिया को मिला संगठन में लंबे अनुभव का पुरस्कार

राजस्थान बीजेपी के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले पूनिया राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

वर्तमान में वह हरियाणा बीजेपी के प्रभारी हैं। जाट समुदाय में उनकी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। हाल के चुनावों में भी उन्हें विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रचार अभियान की जिम्मेदारी दी गई थी।

कौन हैं तरुण चुग?

पंजाब के अमृतसर से आने वाले तरुण चुग भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वे कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ गए थे और लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं।

तरुण चुग को पार्टी का कुशल रणनीतिकार माना जाता है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली हैं। चुनावी प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी विशेष पहचान रही है।

इस सूची में तरुण चुग एकमात्र ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्हें उनके गृह राज्य के बजाय दूसरे राज्य मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है।

देबाशीष सामंतराय का बीजेपी पर भरोसा

ओडिशा की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले देबाशीष सामंतराय को भी बीजेपी ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। कटक क्षेत्र के प्रभावशाली नेता माने जाने वाले सामंतराय ने मई 2026 में बीजू जनता दल (BJD) छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था।

बीजेपी में शामिल होने से ठीक पहले उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। देबाशीष सामंतराय कई बार विधायक रह चुके हैं और ओडिशा की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं।

राज्यसभा उम्मीदवारों की इस सूची को बीजेपी के संगठनात्मक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।