बड़ा हसीन है इनकी जुबान का जादू, लगाकर के आग...CM Yogi का विधानसभा में सपा पर तंज, विपक्ष के रवैये को बताया कुएं का मेंढक

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र में 14 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक वार किया और उनके ‘पीडीए’ फॉर्मूले की नई व्याख्या पेश की। उन्होंने इसे "परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी" बताते हुए आरोप लगाया कि सपा का मकसद सिर्फ अपने परिवार का विकास करना है। विपक्ष के रवैये को कूपमंडूक (कुएं का मेंढक) जैसा बताते हुए योगी ने शेरो-शायरी में कटाक्ष किया—"बड़ा हसीन है इनकी जुबान का जादू, लगाकर के आग, बहारों की बात करते हैं।"
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि 2017 से पहले सपा सरकार के दौर में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर था, जबकि आज बिना रिश्वत और बिना भेदभाव के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार "सबके संतुष्टीकरण" के सिद्धांत पर काम कर रही है और सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ समान रूप से मिल रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि पहले की सरकारों ने देश की रैंकिंग को 6वें से 11वें स्थान तक गिरा दिया था। बीते 11 सालों में देश 11वें से चौथे स्थान तक पहुंचा है, और इस विकास यात्रा में यूपी भी बड़ी भूमिका निभा रहा है।
यूपी की पुरानी स्थिति पर भी बोले सीएम
उन्होंने कहा कि 1947 से 2017 तक, कुछ अपवाद छोड़कर, यूपी की स्थिति बेहद खराब रही। उद्योग बंद होते गए, जबकि नदियां और श्रमबल होने के बावजूद विकास की रफ्तार सुस्त रही। 2016-17 में यूपी की राष्ट्रीय जीडीपी में हिस्सेदारी सिर्फ 8% रह गई, जबकि 1950-60 के दशक में यह 14% थी। आजादी के समय राज्य की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के बराबर थी, लेकिन 2017 में यह औसत के सिर्फ एक-तिहाई पर आ गई थी।
सीएम के अनुसार, 2017 से पहले यूपी सिर्फ 84 हजार करोड़ रुपये का निर्यात कर पाता था और बजट केंद्रीय करों पर निर्भर था। नीति आयोग की रिपोर्ट में यूपी पिछड़े राज्यों की सूची में शामिल था।
वर्तमान विकास पर सीएम का दावा
योगी ने कहा कि 2016-17 में जहां यूपी की जीएसडीपी 13 लाख करोड़ थी, वहीं मौजूदा वित्तीय वर्ष के अंत तक यह 35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने वाली है। उन्होंने कहा कि अब यूपी बीमारू राज्य नहीं, बल्कि रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।