1. Home
  2. राजनीति विशेष

इटावा में यादव कथावाचक से जाति पूछकर रगड़वाई नाक, कटवाएं बाल...भड़के अखिलेश यादव, दी चेतावनी

.....

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। थाना बकेवर क्षेत्र के दान्दरपुर गांव में आयोजित एक भागवत कथा के दौरान कथावाचक और उनके साथियों के साथ जातिगत भेदभाव और दुर्व्यवहार किया गया। वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई है। 

सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "इटावा के बकेवर इलाके के दान्दरपुर गांव में भागवत कथा के दौरान कथावाचक और उनके सहायकों की जाति पूछने पर पीडीए की एक जाति बताने पर, कुछ वर्चस्ववादी और प्रभुत्ववादी लोगों ने साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके बाल कटवाए, नाक रगड़वाई और इलाके की शुद्धि कराई।

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, "हमारा संविधान जातिगत भेदभाव की अनुमति नहीं देता है, ये व्यक्ति की गरिमा और प्रतिष्ठा से जीवन जीने के मौलिक अधिकार के विरुध्द किया गया अपराध है. सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ़्तारी हो और यथोचित धाराओं में मुक़दमा दर्ज़ किया जाए. अगर आगामी 3 दिनों में कड़ी कार्रवाई नही हुई तो हम ‘पीडीए के मान-सम्मान की रक्षा’ के एक बड़े आंदोलन का आह्वान कर देंगे. पीडीए के मान से बढ़कर कुछ नहीं.


 

जानें पूरा ममाला

दरअसल, कथावाचक मुकुटमणि अपने सहयोगियों के साथ गांव में कथा करने पहुंचे थे। पहले दिन कलश स्थापना के बाद भोजन के दौरान किसी ग्रामीण ने कथावाचक से उनकी जाति पूछी। जब कथावाचक ने बताया कि वे यादव और अनुसूचित जाति से हैं, तो गांववालों ने कथित तौर पर आपत्ति जताई कि ‘इस जाति के लोग कथा नहीं कर सकते।’

इसी बात पर विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने कथावाचक और उनकी टीम के सदस्यों को घेरकर जबरन उनके बाल कटवा दिए और नाक रगड़वाने पर मजबूर किया। यही नहीं, कथित तौर पर इलाके की "शुद्धि" भी करवाई गई। हालांकि कथावाचक की पहचान को लेकर कुछ स्थानीय लोग सवाल भी उठा रहे हैं।

सपा नेताओं ने उठाई आवाज

घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो जिले में हड़कंप मच गया। जातिगत अपमान के इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेता सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। सांसद जितेन्द्र दोहरे, भरथना विधायक राघवेंद्र गौतम, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य सहित कई कार्यकर्ताओं ने एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, दोषियों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच शुरू हो चुकी है और पीड़ित की ओर से तहरीर भी मिल गई है। मामले की जांच एसपी ग्रामीण को सौंपी गई है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।