RSS प्रचारक से फैशन डिजाइनर तक… शुभेंदु सरकार के साथ इन 5 चेहरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

RSS कार्यकर्ता से बंगाल BJP के बड़े चेहरे बने दिलीप घोष
दिलीप घोष को पश्चिम बंगाल बीजेपी का सबसे अनुभवी और मजबूत संगठनकर्ता माना जाता है। 1 अगस्त 1964 को जन्मे दिलीप घोष मेदिनीपुर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। वे 2019 से जून 2024 तक लोकसभा सदस्य रहे और इस दौरान गृह मामलों की स्थायी समिति, विशेषाधिकार समिति और कौशल विकास मंत्रालय की सलाहकार समिति जैसी अहम जिम्मेदारियां संभालीं।
राजनीति में आने से पहले उनका लंबा जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से रहा। वे अंडमान-निकोबार में संघ के प्रभारी भी रहे। 2020 से 2023 तक बंगाल बीजेपी अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया।
फैशन डिजाइनर से फायरब्रांड नेता बनीं अग्निमित्रा पॉल
अग्निमित्रा पॉल बंगाल बीजेपी की सबसे चर्चित महिला नेताओं में गिनी जाती हैं। 25 नवंबर 1974 को जन्मीं अग्निमित्रा राजनीति में आने से पहले कोलकाता की जानी-मानी फैशन डिजाइनर थीं।
उन्होंने 2019 में बीजेपी का दामन थामा और कम समय में पार्टी की तेजतर्रार नेता बन गईं। 2021 और 2026 में उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की। बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रहने के बाद उन्हें पार्टी महासचिव और फिर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली।
अशोक कीर्तनिया ने बांगांव में बढ़ाया BJP का जनाधार
बांगांव उत्तर सीट से विधायक अशोक कीर्तनिया को जमीनी नेता माना जाता है। 2021 में पहली बार विधायक बनने वाले अशोक ने 2026 चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।
उन्हें 1.19 लाख से ज्यादा वोट मिले और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 40 हजार से अधिक मतों से हराया। संगठन में उनकी सक्रियता और जनता के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
आदिवासी राजनीति में BJP का मजबूत चेहरा हैं खुदीराम टुडु
रानीबांध (एसटी) सीट से विधायक खुदीराम टुडु संथाल आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। 2026 विधानसभा चुनाव में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार तनुश्री हांसदा को बड़े अंतर से हराया।
बीजेपी ने आदिवासी इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए खुदीराम टुडु को सरकार में महत्वपूर्ण स्थान दिया है। माना जा रहा है कि वे जंगलमहल और आदिवासी क्षेत्रों में पार्टी के विस्तार की रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे।
निशीथ प्रमाणिक को मिली सबसे बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर बंगाल में बीजेपी का मजबूत चेहरा माने जाने वाले निशीथ प्रमाणिक को सरकार में सबसे अहम जिम्मेदारियों में से एक सौंपी गई है। राजवंशी समाज से आने वाले निशीथ पहले केंद्र सरकार में गृह राज्य मंत्री और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रह चुके हैं।
वे कूचबिहार से सांसद और दिनहाटा से विधायक भी रह चुके हैं। 2019 में तृणमूल कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए निशीथ ने 2026 चुनाव में माथाभांगा सीट से बड़ी जीत दर्ज की। उत्तर बंगाल में पार्टी को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है।
BJP की नई रणनीति का चेहरा बने ये नेता
शुभेंदु अधिकारी की नई टीम में शामिल इन नेताओं को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर चुना गया है। कोई महिला वोट बैंक में पकड़ रखता है तो कोई आदिवासी और राजवंशी समाज में पार्टी का प्रभाव बढ़ा रहा है। बीजेपी अब इन्हीं चेहरों के जरिए बंगाल की राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में जुटी है।
.webp)
