1. Home
  2. राजनीति विशेष

माफ कर दीजिए अब...भतीजे आकाश आनंद ने किया लंबा-चौड़ा इमोशनल पोस्ट, मायवती से की यह अपील

Akash Anand

Akash Anand Appeal to Mayawati: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की पूर्व नेशनल कोऑर्डिनेटर और पार्टी सुप्रीमो मायावती (Mayawati) के भतीजे आकाश आनंद (Akash Anand) ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट करते हुए अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी है। उन्होंने मायावती से आग्रह किया है कि उन्हें पार्टी में दोबारा काम करने का मौका दिया जाए।

“बहनजी मेरी राजनीतिक मार्गदर्शक हैं”

आकाश आनंद ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, बी.एस.पी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, यू.पी. की चार बार रही मुख्यमंत्री एवं लोकसभा व राज्यसभा की भी कई बार रही सांसद आदरणीया बहन कु. मायावती जी को मैं अपना दिल से एकमात्र राजनीतिक गुरू व आदर्श मानता हूं। आज मैं यह प्रण लेता हूं कि बहुजन समाज पार्टी के हित के लिए मैं अपने रिश्ते-नातों को व खासकर अपने ससुराल वालों को कतई भी बाधा नहीं बनने दूंगा। 


पुराने ट्वीट के लिए मांगी माफी

आकाश ने उस ट्वीट के लिए भी माफी मांगी जिसकी वजह से उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने लिखा, यही नहीं बल्कि कुछ दिनों पहले किए गए अपने ट्ववीट के लिए भी माफी मांगता हूं जिसकी वजह से आदरणीया बहन जी ने मुझे पार्टी से निकाल दिया है। और आगे से इस बात को सुनिश्चित करूंगा कि मैं अपने किसी भी राजनीतिक फैसले के लिए किसी भी नाते रिश्तेदार और सलाहकार की कोई सलाह मशविरा नहीं लूंगा।


“फिर से सेवा का अवसर दें”

अपनी पोस्ट में उन्होंने भावुक अंदाज़ में मायावती से कहा, आदरणीया बहन जी से अपील है कि वे मेरी सभी गलतियों को माफ करके मुझे पुन: पार्टी में कार्य करने का मौका दिया जाए, इसके लिए मैं सदैव उनका आभारी रहूंगा। साथ ही अब मैं आगे ऐसी कोई भी गलती नहीं करूंगा, जिससे पार्टी व आदरणीया बहन जी के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान को ठेस पहुंचे। 


क्यों हुए थे निष्कासित?

बता दें, 3 मार्च 2025 को मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसका कारण यह बताया गया था कि वे अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में आकर पार्टी के हितों की अनदेखी कर रहे थे।