संभल कर बोलो, उत्तर प्रदेश से उठाकर लाएंगे...मंत्री इरफान अंसारी का CM Yogi पर विवादित बयान, दे डाली ये चेतावनी

Jharkhand Minister Irfan Ansari Controversial Statement : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी (Irfan Ansari) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने उर्दू भाषा के मुद्दे पर सीएम योगी को चेतावनी देते हुए कहा, ए योगी, अपना दायरा क्रॉस मत करो। संभाल कर बोलो, तौल कर बोलो, अनाप-शनाप मत बोलो।"
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ ने उर्दू भाषा को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिससे विपक्षी दलों में नाराजगी फैल गई। इसी को लेकर मंत्री इरफान अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उर्दू भाषा को किसी एक समुदाय से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा,"याद रखना, झारखंड में ही कांके का पागलखाना है। ज्यादा बोलोगे तो वहीं भर्ती कर देंगे। उत्तर प्रदेश से उठाकर लाएंगे और वहीं भर देंगे। उर्दू से टकराने की गलती मत करना।"
🏛 "उर्दू किसी एक समुदाय की नहीं, यह जोड़ने वाली भाषा है"
इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया कि उर्दू केवल किसी विशेष जाति या धर्म की भाषा नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा,"दुनिया में शायद ही कोई ऐसा देश होगा जहां उर्दू नहीं बोली जाती। नेता भी इसी भाषा को पसंद करते हैं। लेकिन अगर उर्दू को लेकर कोई अपमानजनक टिप्पणी करेगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे।"
"योगी का हेलिकॉप्टर भी रोक चुके हैं"
इरफान अंसारी ने आगे दावा किया कि चुनाव के समय उन्होंने योगी आदित्यनाथ का हेलिकॉप्टर रोककर उन्हें झारखंड में उतरने नहीं दिया था। उन्होंने कहा, यह ताकत मुझे जामताड़ा की जनता से मिली है, और मैं किसी के सामने झुकने वाला नहीं हूं।"
जामताड़ा के जलसा कार्यक्रम में दिया बयान
यह बयान 20 फरवरी की रात को झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर के जगदीशपुर गांव में हुए एक जलसा कार्यक्रम के दौरान दिया गया। इरफान अंसारी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सदन में उर्दू पढ़ने वालों को मौलवी और कठमुल्ला कहकर संबोधित करते हैं, जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने दोबारा चेतावनी देते हुए कहा, "तुम्हारी हर एक बात देख रहे हैं। संभल कर बोलो, क्योंकि उर्दू से टकराना तुम्हारे लिए ठीक नहीं होगा।"
बयान पर मचा सियासी बवाल
इरफान अंसारी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी ने इस बयान की कड़ी आलोचना की है और इसे भड़काऊ करार दिया है। अब देखना यह होगा कि इस विवाद पर आगे क्या मोड़ आता है।
.webp)
