1. Home
  2. राजनीति विशेष

Jyoti Malhotra Youtuber : जासूसी के आरोप में फंसी बेटी के लिए पिता ने सरकार से की ये बड़ी मांग– मैं गरीब हूं...

Jyoti Malhotra

Jyoti Malhotra Youtuber : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की गई ज्योति मल्होत्रा (Jyoti Malhotra Youtuber) को लेकर उनके पिता ने सरकार से मदद की अपील की है। उनका कहना है कि उनकी आर्थिक हालत ऐसी नहीं है कि वो अपनी बेटी के लिए वकील कर सकें। ऐसे में उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि उन्हें सरकारी वकील मुहैया कराया जाए।

पुलिस डायरी ले गई, पता नहीं उसमें क्या था- पिता की चिंता

ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा का कहना है कि उनकी बेटी क्या लिखती थी, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया, "एक डायरी थी जो पुलिस वाले ले गए हैं, मुझे नहीं पता उसमें क्या लिखा था। वो अक्सर दवाइयों की पर्ची लिखकर जाती थी, एक पर्ची में मेरे बड़े भाई पप्पू की दवाइयां थीं।"

पुलिस के पास है बेटी का फोन

उन्होंने कहा कि ज्योति का फोन और बाकी सामान पुलिस के पास है। "हमें यह भी नहीं बताया गया कि उस पर शक क्यों हुआ। मैं तो सिर्फ इतना चाहता हूं कि हमें एक सरकारी वकील दे दिया जाए क्योंकि हम गरीब हैं और खुद से वकील नहीं कर सकते," पिता ने ANI से बातचीत में कहा।

"कल कोर्ट में होगी पेशी, लेकिन मैं बीमार हूं"

हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पुलिस ने बताया है कि ज्योति को अगली सुनवाई में कोर्ट में पेश किया जाएगा। हालांकि खुद की तबीयत का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा," मैं बीमार हूं, मुझसे अब चला भी नहीं जाता। कोई रिश्तेदार या पड़ोसी भी नहीं है जो साथ जा सके। तीन-चार दिन से तबीयत काफी खराब है।"

"दिल्ली जा रही हूं कहकर जाती थी"

उन्होंने बताया कि ज्योति अक्सर कहती थी कि वो दिल्ली जा रही है। "कभी एक दिन में लौट आती थी, तो कभी तीन-चार दिन बाद। मैंने कभी शक नहीं किया।" हरीश ने यह भी कहा कि उनके पास सिर्फ एक छोटा फोन है, जिससे वो वीडियो वगैरह भी नहीं देख पाते।