मैं मछली नहीं खाता...संसद में ऐसा क्यों बोले लोकसभा स्पीकर ओम बिरला?

नई दिल्ली। लोकसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया, जब मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय से जुड़े सवाल-जवाब के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) को यह कहना पड़ा कि वह मछली नहीं खाते, क्योंकि वह शाकाहारी हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी ने मत्स्यपालन से जुड़े एक पूरक प्रश्न में कहा कि देश में 95 करोड़ लोग मछली खाते हैं और एक करोड़ लोग मछली का उत्पादन करते हैं। इसी दौरान उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मजाकिया लहजे में कहा, "अध्यक्ष जी, पता नहीं आप मछली खाते हैं या नहीं?"
रूड़ी की इस टिप्पणी पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मैं नहीं खाता। मैं शाकाहारी हूं।"
कल्याण बनर्जी को अध्यक्ष की नसीहत
तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने भी इसी विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि जब जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मंत्री नहीं थे, तो वे पूछते थे कि उन्हें हिलसा मछली कब खिलाई जाएगी।
इस पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने बनर्जी से विषय पर केंद्रित रहने की नसीहत दी और कहा कि प्रश्नकाल के दौरान मुख्य विषय से भटकने की जरूरत नहीं है।
मछली उत्पादन पर सरकार का दावा
भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के सवाल का जवाब देते हुए मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले एक दशक में मछली उत्पादन में 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे मछली उत्पादकों को अधिक लाभ मिल सके।
सभी प्रश्न राष्ट्रीय महत्व के होते हैं: ओम बिरला
प्रश्नकाल के दौरान जब राजीव प्रताप रूड़ी ने मत्स्य पालन पर अपना सवाल राष्ट्रीय महत्व से जुड़ा बताया, तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि सदन में पूछे गए सभी प्रश्न राष्ट्रीय महत्व के ही होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा है, जहां हर सवाल का उद्देश्य देशहित से जुड़ा होता है।
लोकसभा में यह चर्चा भले ही मत्स्यपालन से जुड़ी थी, लेकिन भाजपा सांसद के मजाकिया सवाल के जवाब में अध्यक्ष ओम बिरला का 'शाकाहारी' होने का बयान चर्चा का विषय बन गया। संसद में हुई यह दिलचस्प बातचीत सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोर रही है।
.webp)
