मल्लिकार्जुन खरगे का BJP नेताओं पर निशाना, कहा- 'गंगा में डुबकी लगाने से खत्म नहीं होगी गरीबी', संबित पात्रा ने किया पलटवार

मध्य प्रदेश। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने सोमवार को महू में आयोजित 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली में बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रयागराज महाकुंभ (Mahakumbh 2025) में गंगा स्नान किए जाने के मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि "गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर नहीं होगी।" उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब बीजेपी नेताओं द्वारा महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला जारी है।
खरगे ने आगे कहा, "मैं किसी की आस्था का अपमान नहीं करना चाहता, लेकिन गंगा में डुबकी लगाने से गरीबों की समस्याएं हल नहीं होंगी।" इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी और आरएसएस के नेताओं को 'देशद्रोही' करार देते हुए दावा किया कि कांग्रेस कभी धर्म के नाम पर गरीबों का शोषण नहीं करेगी।
संबित पात्रा ने दी चुनौती
बीजेपी ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पलटवार किया। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनौती दी। उन्होंने कहा, "महाकुंभ करोड़ों वर्षों से आस्था का प्रतीक है और कांग्रेस इसे मजाक बना रही है। मैं चुनौती देता हूं खरगे जी, राहुल जी और प्रियंका जी को कि वे किसी अन्य धर्म की आस्था पर इस तरह की टिप्पणी कर सकते हैं?"
संबित पात्रा ने आगे कहा, "राहुल गांधी को स्विमिंग पूल में डुबकी लगाने की सलाह देते हुए कहा कि वे गंगा माँ के बारे में ऐसी टिप्पणियां न करें, क्योंकि हमारे लिए गंगा सिर्फ नदी नहीं, बल्कि मां है।" उन्होंने खरगे और उनके साथियों से पूरे देश से माफी मांगने की मांग की।
.webp)
