1. Home
  2. राजनीति विशेष

वाराणसी पहुंचे मंत्री गिरीश चंद्र यादव, अखिलेश यादव पर कसा तंज, कहा- बौखलाहट में...


वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश को नकारात्मक बयान देने की आदत पड़ चुकी है, जिससे सनातन धर्म का अपमान हो रहा है। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की बयानबाजी से सत्ता नहीं मिलेगी।

महाकुंभ पर अखिलेश के बयान पर जवाब

अखिलेश यादव द्वारा महाकुंभ को लेकर लगातार दिए जा रहे बयानों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा,"पूरी दुनिया कुंभ की सराहना कर रही है। यह आयोजन भव्य रूप से हो रहा है और करोड़ों श्रद्धालु इसमें स्नान कर रहे हैं। लेकिन अखिलेश यादव केवल नकारात्मक टिप्पणी करने में लगे रहते हैं।"

वाराणसी में दिव्यांग क्रिकेट और हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन

मंत्री गिरीश चंद्र यादव वाराणसी में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता और पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए पहुंचे है। उन्होंने सबसे पहले सिगरा स्टेडियम में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों से मुलाकात की, फिर बीएचयू के एस्ट्रो टर्फ पर हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

"अखिलेश जनता की नजरों में हो चुके हैं नाकाम"

मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को जनता ने नकार दिया है और बौखलाहट में वह सनातन धर्म का अपमान करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जनता उन्हें लगातार चुनावों में सबक सिखा रही है, जैसा कि हाल ही में मिल्कीपुर उपचुनाव के नतीजों में देखने को मिला।

"सत्ता विरासत में मिली, जनता ने नहीं दी"

गिरीश चंद्र यादव ने कहा, अखिलेश यादव को लगता है कि सनातन धर्म का अपमान करके वह सत्ता हासिल कर लेंगे। लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि उन्हें कभी जनता ने जनादेश नहीं दिया। सत्ता उन्हें विरासत में मिली थी, जो अब उनके हाथ से जा चुकी है।"

"डबल इंजन सरकार विकास की ओर अग्रसर"

अखिलेश यादव के "डबल ब्लंडर" वाले बयान पर मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा,"डबल इंजन सरकार प्रदेश में लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। अखिलेश यादव के कार्यकाल में केवल एक एक्सप्रेसवे बना था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब तक छह एक्सप्रेसवे बनाए जा चुके हैं।"

उन्होंने कहा कि विकास के एजेंडे पर काम करने वाली सरकार को जनता का समर्थन मिल रहा है, और अखिलेश यादव की नकारात्मक राजनीति अब असरहीन हो चुकी है