1. Home
  2. राजनीति विशेष

बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज, नीतीश कुमार जल्द सौंप सकते हैं इस्तीफा, जानें कब होगा शपथ ग्रहण

Nitish Kumar

बिहार की राजनीति अगले 48 घंटे में बड़े बदलाव की ओर बढ़ सकती है। सोमवार से शुरू होने वाली अहम बैठकों के बाद राज्य में सरकार परिवर्तन की प्रक्रिया तेज होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार देर शाम या मंगलवार सुबह अपना इस्तीफ़ा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। नई सरकार के शपथ लेने तक वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे।

बीजेपी विधायक दल की बैठक सोमवार को संभावित

बीजेपी की ओर से सोमवार को विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई जा सकती है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति आज शाम या कल सुबह तक होने की संभावना है। बैठक में आगे की राजनीतिक रणनीति पर सहमति बनेगी।

जदयू भी करेगी अपनी विधायक दल की बैठक

दूसरी ओर, जदयू भी सोमवार को अपने विधायकों की बैठक बुला रही है। यही बैठक तय करेगी कि पार्टी आगामी सियासी घटनाक्रम में किस दिशा में कदम बढ़ाएगी। सोमवार को ही नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण और संभवतः अंतिम बैठक कर सकते हैं।

कैबिनेट मीटिंग के बाद नीतीश कुमार सोमवार शाम या मंगलवार सुबह राजभवन जाकर इस्तीफ़ा दे सकते हैं। इसके बाद वे नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

राजभवन से लौटने के बाद NDA विधायक दल की बैठक

नीतीश कुमार के इस्तीफे के तुरंत बाद NDA विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव पारित होगा। इसके बाद वे दोबारा राजभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

22 नवंबर से पहले सरकार गठन जरूरी

बिहार की वर्तमान 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इससे पहले नई 18वीं विधानसभा का गठन और सरकार का शपथ ग्रहण पूरा करना अनिवार्य है।
हालांकि, शपथ ग्रहण की संभावित तारीख को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर सत्ता बनाए रखी है। इसमें भाजपा 89 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि जदयू को 85 सीटें मिलीं।