अगर अखिलेश जी जाएंगे तो....ओम प्रकाश राजभर ने सपा सुप्रीमो को दे डाला महाकुंभ साथ चलने का ऑफर!

प्रयागराज में आगामी महाकुंभ मेले (Mahakumbh 2025) के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। एक ओर जहां सरकार महाकुंभ के आयोजन को लेकर लगातार नए वादे कर रही है, वहीं विपक्ष इस पर सवाल उठा रहा है। इसी बीच, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Alhilesh Yadav) को महाकुंभ में उनके साथ चलने का प्रस्ताव दिया है।
ओम प्रकाश राजभर का जवाब
महाकुंभ पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "हम कहते हैं कि अगर अखिलेश जी जाएंगे, तो हम भी उनके साथ जाएंगे। उनसे पूछिए कि क्या उन्हें साथी की आवश्यकता है या नहीं, अगर वे चाहें तो हम ओम प्रकाश राजभर को कुंभ में स्नान करने के लिए साथ ले जाएंगे। हम उनके साथ गंगा जी में डुबकी लगाएंगे।"
अखिलेश यादव का बयान
मंगलवार को अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह महाकुंभ में जरूर जाएंगे। उनका कहना था, "हम पुण्य कमाने जाएंगे और सरकार अपने पाप धोने जाएगी।"
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार के फैसलों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि गंगा का पानी अब साफ नहीं है। इसके अलावा, सोशल मीडिया साइट एक्स पर भी उन्होंने आरोप लगाए कि महाकुंभ के दौरान गंगा में ड्रेजर मशीन लगाने का मकसद केवल ठेकेदारों को फायदा पहुंचाना और भ्रष्टाचार के जरिए पैसा कमाना है।
अखिलेश यादव ने कहा, "इतिहास गवाह है कि नदियां अपने मार्ग को स्वयं बनाती हैं। नदियों के प्राकृतिक बहाव में छेड़छाड़ करना पर्यावरणीय अपराध है। गंगा के जल-जीवों और पारिस्थितिकी पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।"
सपा नेता ने यह भी कहा कि नदियों के बहाव में मनमानी करना और उसका रास्ता बदलना न केवल अनुचित है, बल्कि यह अवांछनीय भी है।
.webp)
