1. Home
  2. राजनीति विशेष

Pahalgam Terror Attack : आतंकी हमले को लेकर लोजपा की राष्ट्रीय कोर कमेटी की बैठक, निंदा प्रस्ताव जारी कर की पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

Lok

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर 71 नॉर्थ एवेन्यू में राष्ट्रीय कोर कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें इस अमानवीय घटना की घोर निंदा की गई।

बैठक में पार्टी ने इस हमले को क्रूर, अमानवीय और कायरतापूर्ण बताया। गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए इस हमले में 28 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले को 'कश्मीर रेजिस्टेंस' नामक उग्रवादी संगठन ने अंजाम दिया और इसकी जिम्मेदारी भी ली। लोजपा(रामविलास) ने बैठक के बाद एक निंदा प्रस्ताव जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पाकिस्तान के खिलाफ कठोर से कठोर कदम उठाने की मांग की, जिसे पार्टी ने आतंकवाद को शह देने वाला राष्ट्र करार दिया।

पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों और न्याय का वादा दोहराने के लिए भी उनका समर्थन और सराहना व्यक्त की। साथ ही लोजपा(रामविलास) ने देश के प्रमुख मुस्लिम संगठनों, जैसे ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB), जमीयत उलेमा-ए-हिंद और जमात-ए-इस्लामी हिंद द्वारा हमले की कड़ी निंदा करने और इसे इस्लाम के शांति सिद्धांतों के खिलाफ बताने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने दी। इस पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कमला कुमारी और पूर्वी उत्तर प्रदेश की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय ने भी प्रतिक्रिया देते हुए इसे मानवता पर हमला करार दिया और केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।