1. Home
  2. राजनीति विशेष

Parliament Winter Session : संसद में जमकर बरसे राहुल गांधी, मनुस्मृति, संविधान और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा



Parliament Winter Session : लोकसभा में ‘संविधान की 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा’ पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने 26 मिनट का जोरदार भाषण दिया। उन्होंने कहा कि सावरकर चाहते थे कि भारत का संविधान मनुस्मृति पर आधारित हो। राहुल गांधी ने दावा किया कि मौजूदा समय में संविधान की जगह मनुस्मृति के विचारों को लागू किया जा रहा है।

युवाओं को नुकसान पहुंचा रही सरकार

राहुल गांधी ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरह से महाभारत में द्रोणाचार्य ने एकलव्य का अंगूठा काटा था, उसी तरह आज की सरकार देश के युवाओं का भविष्य खराब कर रही है। उन्होंने कहा, "आप रोजगार और अवसर छीनकर युवाओं को कमजोर बना रहे हैं।"

सावरकर और संविधान का मुद्दा

अपने भाषण में राहुल गांधी ने विनायक दामोदर सावरकर का जिक्र करते हुए कहा, "सावरकर ने कहा था कि भारत के संविधान में कुछ भी भारतीय नहीं है।" राहुल गांधी ने इसे भाजपा की वैचारिक दिशा पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार संविधान की रक्षा का दावा करती है, लेकिन उसकी नीतियां सावरकर के विचारों का पालन करती हैं।

हाथरस घटना पर सवाल

राहुल गांधी ने हाथरस गैंगरेप कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि चार साल बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़िता के परिवार को न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा, "यह संविधान नहीं, बल्कि मनुस्मृति का सिद्धांत है। सरकार नफरत और झूठ फैलाने में व्यस्त है।"

50% आरक्षण और जाति जनगणना का वादा

राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया अलायंस संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जाति आधारित जनगणना का समर्थन करते हुए कहा कि 50% आरक्षण की सीमा को तोड़ा जाएगा।

उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

राहुल गांधी ने सरकार पर बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जब आप धारावी परियोजना, एयरपोर्ट और बंदरगाह कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंपते हैं, तो आप देश की जनता का ‘अंगूठा काटते’ हैं।"

संविधान की रक्षा का संकल्प

राहुल गांधी ने विपक्षी दलों के इंडिया अलायंस की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह गठबंधन संविधान की रक्षा करेगा और नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।