1. Home
  2. राजनीति विशेष

हमने अपने लिए शीशमहल नहीं बनाए...राहुल के झुग्गियों में फोटोशूट से लेकर अर्बन नक्सल तक, संसद में विपक्ष पर जमकर बरसे PM Modi


PM Modi Lok Sabha Speech : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने मंगलवार को संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में 1 घंटे 35 मिनट का भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने गांधी परिवार, अरविंद केजरीवाल और विपक्षी दलों पर बिना नाम लिए निशाना साधा और विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया।

"गरीबों को सिर्फ नारे नहीं, विकास करके दिखाया"

पीएम मोदी (PM Modi) ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, "हमने गरीबों को झूठे नारे नहीं दिए, बल्कि असली विकास दिया। गरीब का दुख, मिडिल क्लास के सपने समझने के लिए जज्बा चाहिए, लेकिन कुछ लोगों में यह है ही नहीं।"

उन्होंने कहा, "पहले कच्ची छत के नीचे जीवन बिताने वाले गरीबों को अब 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर मिले हैं। हमने शौचालय, मुफ्त गैस कनेक्शन, नल से जल और स्वास्थ्य सुविधाएं देकर उनकी जिंदगी बदली है।"

जकूजी और फोटोशूट पर तंज, राहुल गांधी पर निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा, "कुछ नेताओं का ध्यान गरीबों के घरों में जकूजी और स्टाइलिश शॉवर पर रहता है, जबकि हमारा फोकस हर घर में स्वच्छ जल पहुंचाने पर है। कुछ लोग गरीबों की झोपड़ियों में फोटोशूट कराकर मनोरंजन करते हैं, इसलिए उन्हें संसद में गरीबों की बातें बोरिंग लगती हैं।"

"10 करोड़ फर्जी लाभार्थी सरकारी योजनाओं का फायदा ले रहे थे"

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, "पहले 10 करोड़ फर्जी लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे थे। हमने राजनीतिक फायदे की परवाह किए बिना उन्हें हटाया और असली जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाई।"

"हमने अपने लिए शीशमहल नहीं बनाए

पीएम मोदी ने कहा, "पहले की सरकारों में घोटाले की खबरें हेडलाइन बनती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने लाखों करोड़ रुपये बचाकर जनता के हित में लगाए हैं, न कि अपने लिए शीशमहल तैयार किए हैं।"

"एक पीएम कहते थे, 1 रुपया भेजो तो 15 पैसे पहुंचते हैं"

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, "देश में एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब दिल्ली से 1 रुपया भेजा जाता है, तो नीचे सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। तब केंद्र से लेकर पंचायत तक सिर्फ एक ही पार्टी का शासन था, फिर बाकी 85 पैसे कौन खा जाता था?"

बजट और टैक्स राहत पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, "2014 से पहले देश आर्थिक रूप से घायल था। हमने इसे ठीक करने का प्रयास किया। आज 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं है। पहले टैक्स के जो बोझ थे, हमने उन्हें कम कर दिया है।"

विदेश नीति को लेकर राहुल गांधी पर कटाक्ष

पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "कुछ लोगों को जब तक विदेश नीति पर चर्चा न करें, तब तक वे खुद को परिपक्व नहीं समझते। ऐसे लोगों को एक किताब पढ़नी चाहिए - 'JFK's Forgotten Crisis', जिसमें भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी के बीच हुई चर्चाओं और निर्णयों का जिक्र है। यह किताब बताएगी कि उस दौर में विदेश नीति के नाम पर क्या खेल खेला गया।"

संविधान पर विपक्ष को करारा जवाब

पीएम मोदी ने कहा, "हम संविधान को जीते हैं, उसका सम्मान करते हैं। जब 2014 में हमने सत्ता संभाली, तब विपक्ष लगभग खत्म हो चुका था, लेकिन हमने तय किया कि लोकतंत्र को मजबूत करेंगे और विपक्ष को भी मान्यता देंगे।"

"एनडीए सरकार में बनाए गए नए मंत्रालय"

प्रधानमंत्री ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों, आदिवासी कल्याण और मछुआरों के हितों के लिए अलग-अलग मंत्रालय बनाए गए ताकि हर वर्ग को उसका हक मिल सके।

"कैंसर मरीजों के लिए भी काम कर रही सरकार"

पीएम मोदी ने कहा, "आज विश्व कैंसर दिवस है। कुछ राजनीतिक दल गरीबों के अस्पतालों में मुफ्त इलाज को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। हमने इस बजट में कैंसर की दवाओं की कीमतें कम करने के लिए कदम उठाए हैं।"

"विपक्ष अर्बन नक्सल की भाषा बोल रहा"

पीएम मोदी ने कहा, "हम जहर की राजनीति नहीं करते। हमने सरदार वल्लभभाई पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई, जबकि वे जनसंघ के नहीं थे। लेकिन विपक्ष आज अर्बन नक्सल की भाषा बोलने में लगा है।"

एससी-एसटी के लिए सरकार के कामों का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले एससी समाज के सिर्फ 7,000 छात्र मेडिकल कॉलेज में पढ़ते थे, जबकि अब यह संख्या 70,000 तक पहुंच गई है। एसटी छात्रों की संख्या भी 3,000 से बढ़कर 9,000 हो गई है।

"समाज के हर वर्ग को उसका हक मिलना चाहिए"

पीएम मोदी ने कहा, "हम हर समाज के हर वर्ग को उसका हक देना चाहते हैं। तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले यह नहीं समझ सकते।"

अभी तो हामरा तीसरा टर्म है...

पीएम मोदी ने कहा, ये तो अभी हमारा तीसरा ही टर्म है... हम देश की आवश्यकताओं के अनुसार, आधुनिक भारत बनाने के लिए, सक्षम भारत बनाने के लिए और विकसित भारत का संकल्प साकार करने के लिए हम आने वाले अनेक वर्षों तक जुटे रहने वाले हैं।

जो एक महिला राष्ट्रपति का सम्मान न कर सके

पीएम ने कहा, राष्ट्रपति जी के अभिभाषण के बाद एक महिला राष्ट्रपति का सम्मान न कर सके, लेकिन क्या क्या कह कर उन्हें अपमानित किया जा रहा है। मैं राजनीतिक हताशा समझ सकता हूं लेकिन राष्ट्रपति के खिलाफ... क्या कारण है...