1. Home
  2. राजनीति विशेष

वीर सावरकर पर दिए ओवैसी के बयान पर गरमाई सियासत, बीजेपी ने साधा निशाना, कहा- जानबूझकर भड़काऊ...


AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा वीर सावरकर को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उनके बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

बीजेपी ने ओवैसी पर साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने ओवैसी पर पलटवार करते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सके। उन्होंने कहा कि ओवैसी के बोलने से यह सच नहीं बदल जाएगा कि वीर सावरकर ने देश की आजादी में कितना योगदान दिया था।

इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप

बीजेपी प्रवक्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वामपंथी इतिहासकारों ने वीर सावरकर को लेकर गलत जानकारी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेक्युलरिज्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग सावरकर की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। त्रिपाठी ने कहा कि न तो ओवैसी के बयान से और न ही वामपंथियों के लेखन से यह सच्चाई बदलेगी कि स्वतंत्रता संग्राम में वीर सावरकर की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

ओवैसी पर बीजेपी की कड़ी प्रतिक्रिया

राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि ओवैसी जैसे लोग जानबूझकर भड़काऊ बयान देते हैं ताकि सांप्रदायिक माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि जुमे के दिन होली पर हिंसा भड़काने की साजिशें हुईं, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। देशभर में ऐसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई, जैसी कि कुछ लोग आशा लगाए बैठे थे। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितनी भी कोशिश कर ले, देश की कानून-व्यवस्था मजबूत है और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

ओवैसी ने लगाया आरएसएस और बीजेपी पर आरोप

असदुद्दीन ओवैसी ने अपने बयान में आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वीर सावरकर और आरएसएस के संस्थापक गोलवलकर ने छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ टिप्पणी की थी, जो उनके प्रति अनादर को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, जो संभाजी महाराज की गौरवगाथा का बखान करते हैं, इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। ओवैसी ने बीजेपी और आरएसएस नेताओं से इस पर जवाब देने की मांग की।