1. Home
  2. राजनीति विशेष

पंजाब के CM भगवंत मान के घर पहुंची EC की टीम, अरविंद केजरीवाल का तंज, 'रामचंद्र कह गए...'


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwat Mann) के दिल्ली स्थित कपूरथला आवास पर चुनाव आयोग की टीम ने जांच की। इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता खुलेआम पैसे बांट रहे हैं, साड़ियां और चादरें बांट रहे हैं, लेकिन रेड पंजाब के मुख्यमंत्री पर हो रही है। उन्होंने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करार दिया।

अरविंद केजरीवाल का तंज

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "रामचंद्र कह गए सिया से, ऐसा कलजुग आएगा, हंस चुगेगा दाना दुनका, कव्वा मोती खाएगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और ईमानदार नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

भगवंत मान का बीजेपी पर हमला

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चुनाव आयोग, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर उनके सरकारी आवास पर बिना किसी ठोस वजह के छापेमारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता खुलेआम चुनाव आयोग को चुनौती देकर पैसे बांट रहे हैं, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी को निशाना बनाने के लिए ही ऐसी कार्रवाइयां की जा रही हैं।

'बीजेपी की वजह से राजनीति में आए' – भगवंत मान

भगवंत मान ने कहा कि अगर देश की राजनीति सही दिशा में होती तो आम आदमी पार्टी के नेता अलग-अलग पेशों में काम कर रहे होते। उन्होंने कहा, "हममें से कोई वकील था, कोई कलाकार, तो कोई मनीष सिसोदिया जैसे पत्रकार थे। हम अपने प्रोफेशन से अच्छा पैसा कमा सकते थे, लेकिन देश को लूटते नहीं देख सकते थे। इसलिए हमें राजनीति में आना पड़ा।"

'वक्त की ताकत को मत भूलो' – भगवंत मान

भगवंत मान ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर रही थी, तब विरोधी कहते थे कि सड़कों पर कानून नहीं बनते, चुनाव लड़कर आओ। उन्होंने कहा, "उन्हें लगा कि हम चुनाव नहीं जीत पाएंगे, लेकिन वक्त ने करवट ली। हम सत्ता में आ गए और वे हार गए। यह वक्त ही है जो भिखारियों को राजा और राजाओं को भीख मांगने पर मजबूर कर सकता है।"