1. Home
  2. राजनीति विशेष

Rahul Gandhi ने पीएम मोदी के महाकुंभ पर दिए बयान का किया समर्थन, साथ ही कर डाली यह शिकायत..


Rahul Gandhi On PM Modi : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के महाकुंभ पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पीएम की बात का समर्थन करना चाहते थे, लेकिन महाकुंभ भगदड़ में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि न देने पर असहमति जताई। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में बोलने का अवसर नहीं दिया गया।

पीएम मोदी को रोजगार पर बात करनी चाहिए थी – Rahul Gandhi

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा, "कुंभ हमारी परंपरा, संस्कृति और इतिहास का हिस्सा है। मैं प्रधानमंत्री की बात से सहमत होना चाहता था, लेकिन मेरी एक शिकायत है—उन्होंने महाकुंभ में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि नहीं दी। वहां मौजूद युवाओं को रोजगार चाहिए था, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस अहम मुद्दे पर कुछ नहीं कहा।"

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष को बोलने का मौका मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें ऐसा करने नहीं दिया गया। उन्होंने इसे 'न्यू इंडिया' की हकीकत बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।

विपक्ष को भी अपनी बात रखने देना चाहिए – प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राहुल गांधी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "महाकुंभ को लेकर विपक्ष भी सकारात्मक विचार रख रहा था। लेकिन विपक्ष को अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया, जबकि यह हर किसी की आस्था से जुड़ा मुद्दा है। सरकार को इससे कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए थी और विपक्ष को कम से कम दो मिनट का समय जरूर मिलना चाहिए था।"

पीएम मोदी के भाषण के बाद सदन में हंगामा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ पर दिए गए भाषण के बाद विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में विरोध प्रदर्शन किया और सवाल पूछने की मांग की। इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि "नियम 372 के तहत प्रधानमंत्री या कोई भी मंत्री बिना किसी सवाल के अपना वक्तव्य दे सकता है। ऐसे समय में कोई भी सवाल पूछना संसदीय प्रक्रिया के खिलाफ है।"

इसके बावजूद विपक्षी सांसदों ने वेल में आकर नारेबाजी की और अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।