राहुल गांधी के बिहार दौरे को लेकर रविशंकर प्रसाद का तीखा प्रहार, कहा- ‘वे चुप रहे, उनकी बहन कहीं..’

बिहार। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 7 अप्रैल को एक दिवसीय बिहार यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान वे बेगूसराय में ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में हिस्सा लेंगे और पटना में संविधान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की इस सक्रियता को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के दौरे से पहले ही राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। इसी कड़ी में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
‘वक्फ मुद्दे पर चुप क्यों थे राहुल?’—रविशंकर प्रसाद
रविशंकर प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी बार-बार संविधान की बात करते हैं, लेकिन जब संसद में इसे लेकर चर्चा हुई तो वह मौन क्यों रहे? वक्फ एक्ट जैसे अहम विषय पर संसद में बहस हुई, लेकिन न वह बोले, न उनकी बहन दिखाई दीं।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का बिहार आना उनका अधिकार है, लेकिन “बिहार की जनता अब उनके साथ नहीं है।”
कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी, राहुल का तीसरा बिहार दौरा
गौरतलब है कि राहुल गांधी बीते चार महीनों में तीसरी बार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। कांग्रेस संगठनात्मक स्तर पर भी बदलाव में जुटी है। हाल ही में पार्टी ने बिहार प्रभारी बदला, प्रदेश अध्यक्ष बदला और 40 जिलाध्यक्षों को भी हटाकर नए चेहरों को मौका दिया। राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस की जमीनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है।
बीजेपी स्थापना दिवस पर भी बोले रविशंकर प्रसाद
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने बीजेपी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के मौके पर भी अपनी पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा,
“1984 में जब हमारे पास सिर्फ दो लोकसभा सीटें थीं, तब से आज तक का सफर अभूतपूर्व रहा है। आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार केंद्र में सत्ता में है।”
उन्होंने बताया कि भाजपा के 11 करोड़ से अधिक सदस्य हैं, 21 राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं और भारत आज तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और पांचवीं सबसे शक्तिशाली वैश्विक शक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज दुनिया भारत की बात सम्मान के साथ सुनती है, और इसका श्रेय भाजपा की नीति और नेतृत्व को जाता है।
.webp)
