1. Home
  2. राजनीति विशेष

'सीएम योगी के 'चच्चू' कहने पर भड़के शिवपाल सिंह यादव, कहा- चाचा-भतीजा पर वक्त गंवा रहे…


उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र बुधवार, 5 मार्च को संपन्न हो गया। इस सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव पर तंज कसा और उन्हें 'चच्चू' कहकर संबोधित किया। सीएम योगी ने यह भी दावा किया कि शिवपाल सिंह यादव महाकुंभ जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें जाने से रोक दिया गया।

सीएम योगी के इस बयान पर शिवपाल सिंह यादव ने प्रतिक्रिया दी है। भले ही मुख्यमंत्री पहले भी उन पर टिप्पणी कर चुके हैं, लेकिन इस बार शिवपाल ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक कविता साझा करते हुए मुख्यमंत्री पर पलटवार किया।

शिवपाल की कविता से वार

शिवपाल यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा:

"विधानसभा में ‘चाचा-चाचा’ की गूंज दिन-रात,
न नीति की बात, न विकास की कोई सौगात!
जनता देख रही है यह खेल निराला,
मुद्दों से भागने का अंदाज़ निराला!

सत्ता की कुर्सी मिली तो धर्म का सहारा,
पर काम के नाम पर बस जुमलों का पसारा!
चाचा कहकर सियासत चमकाते रहोगे,
या कभी प्रदेश का हाल भी बताओगे?

राम का नाम लेकर राज पा लिया,
पर जनता को क्या असल इंसाफ़ दिला दिया?
चाचा-भतीजा के पीछे वक्त गंवा रहे हो,
मुद्दों पर बोलने से क्यों घबरा रहे हो?"

शिवपाल का कटाक्ष—क्या असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है?

शिवपाल सिंह यादव के इस तीखे जवाब से यह स्पष्ट है कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणियों को राजनीतिक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश मान रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को प्रदेश के विकास और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, न कि केवल पारिवारिक रिश्तों को लेकर टिप्पणियां करनी चाहिए।