1. Home
  2. राजनीति विशेष

जब मुझे मारा गया, तब...तेजप्रताप यादव की गर्लफ्रेंड मामले पर छलका पत्नी ऐश्वर्या राय का दर्द, लालू परिवार से पूछे कई तीखे सवाल

Aishwarya Rai

पटना। तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) एक बार फिर चर्चा में हैं, इस बार वजह है उनकी कथित गर्लफ्रेंड को लेकर सामने आई खबर। इस पूरे मामले के बीच अब उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) सामने आई हैं और उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लालू परिवार पर तीखे सवाल दागे हैं। ऐश्वर्या ने बेहद भावुक लहजे में अपनी बात रखते हुए कहा कि जब तेजप्रताप के स्वभाव और चाल-चलन की जानकारी सबको पहले से थी, तो उनकी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई?

"सबको पता था, फिर मेरी शादी क्यों कराई गई?"

प्रेस से बातचीत करते हुए ऐश्वर्या ने सवाल उठाया – "अगर तेजप्रताप के बारे में सबको सबकुछ पता था तो मेरी शादी क्यों कराई गई? मेरी ज़िंदगी के साथ खिलवाड़ क्यों हुआ?" उन्होंने यह भी कहा कि तेजप्रताप को पार्टी और परिवार से निकाले जाने की बातें सिर्फ चुनावी ड्रामा हैं। "ये सब सिर्फ दिखावा है। परिवार के लोग मिल-बैठकर सब तय कर लेते हैं। मुझे सब कुछ मीडिया से पता चलता है।"

"जब मुझे मारा गया, तब न्याय कहां था?"

उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "जब मुझे प्रताड़ित किया गया, तब कौन-सा न्याय मिला मुझे? ये सब लोग आज सामाजिक न्याय की बात कर रहे हैं, पर मेरा न्याय कहां है?" ऐश्वर्या ने आरोप लगाया कि यह सब एक सुनियोजित नाटक है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से भी सवाल किया कि जब सब कुछ जानते थे तो बेटी की तरह क्यों नहीं सोचा?

"अब जवाब उन्हें देना होगा"

अपने बयान में ऐश्वर्या ने कहा, "अब सवाल मुझे नहीं, उन्हें जवाब देना होगा। मैं तो अकेले लड़ रही हूं, लेकिन अब और चुप नहीं रहूंगी।"
 


 

शादी से लेकर कोर्ट तक की लड़ाई

गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव की शादी 12 मई 2018 को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से हुई थी। यह शादी दोनों राजनीतिक परिवारों की सहमति से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव आने लगा और मामला अदालत पहुंच गया। तभी से दोनों अलग रह रहे हैं और कानूनी प्रक्रिया चल रही है। अब तेजप्रताप की कथित गर्लफ्रेंड का मामला सामने आने से इस विवाद ने और तूल पकड़ लिया है।