1. Home
  2. राजनीति विशेष

डॉलर बढ़ा, टैरिफ लगा…रूस के राष्ट्रपति पुतिन के दौरे पर अखिलेश यादव का निशाना, कहा- व्यापार करने आए है

Akhilesh Yadav

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इन दिनों भारत दौरे पर हैं, जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत कर रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुतिन की यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि रूस के राष्ट्रपति भारत की मदद करने नहीं, बल्कि व्यापार करने आए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस और चीन के रिश्ते बेहद मजबूत हैं, जिसे भारत को समझना चाहिए।

डॉलर बढ़ गया, टैरिफ लगा… पुतिन व्यापार करने आए हैं- अखिलेश यादव

लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज डॉलर की कीमत कहाँ पहुंच चुकी है और कई प्रोडक्ट्स पर भारी टैरिफ लग चुका है। ऐसे में पुतिन की यात्रा को वह आर्थिक समझौते की ओर इशारा मानते हैं। उन्होंने कहा, अगर रूस के राष्ट्रपति आए हैं तो वह कारोबार करने आए हैं, आपकी मदद नहीं करेंगे।

साथ ही उन्होंने कफ सिरप तस्करी मामले और SIR प्रक्रिया को लेकर भी बीजेपी सरकार पर तीखा वार किया। उन्होंने मांग रखी कि मतदाता सूची को आधार कार्ड से तुरंत जोड़ा जाए, क्योंकि सभी ज़रूरी डॉक्यूमेंट पहले से ही आधार से लिंक हैं।

सब कुछ आधार से जुड़ा, फिर वोटर लिस्ट क्यों नहीं?

SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव बोले, जब बैंक खाता, पासपोर्ट, मेडिकल सुविधा, जमीन की रजिस्ट्री—सब आधार से जुड़ा है, तो वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ने से सरकार क्यों पीछे हट रही है? ये सिर्फ जनता को परेशान कर रहे हैं।”

कफ सिरप मामले पर हमला: आज बुलडोजर कहाँ है?”

कफ सिरप नेटवर्क को लेकर भी अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क में प्रशासन, पुलिस और बीजेपी के नेता तक शामिल हैं। सपा प्रमुख ने पूछा, “आज बुलडोजर कहाँ है? PDA समाज के लोगों पर तो सबसे ज्यादा बुलडोजर चला, लेकिन असली गुनहगारों पर कार्रवाई क्यों नहीं?” उन्होंने दावा किया कि जनता ने इस बार भाजपा को हटाने का मन बना लिया है।

बीजेपी संविधान नहीं मानती

पूर्व सीएम ने कहा कि जब भारत अंतरराष्ट्रीय राजनीति में कदम बढ़ा रहा है, तब देश की सुरक्षा और लोकतंत्र दोनों पर फोकस होना जरूरी है। उन्होंने कहा, “बीजेपी वाले संविधान मानने वाले लोग नहीं हैं। SIR तो बस NRC का छोटा रूप है।”

घुसपैठ अभियान पर तंज

हाल ही में यूपी में घुसपैठियों के खिलाफ चलाए गए अभियान पर भी उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने तंज किया, “यूपी में कोई घुसपैठी नहीं है। यह सरकार सिर्फ गरीबों पर कार्रवाई करती है।”

साथ ही उन्होंने पूछा कि यदि लखनऊ में घुसपैठी मिले हैं, तो देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे थे?

6 दिसंबर के कार्यक्रम रद्द होने पर आरोप

अखिलेश यादव ने बाबा साहेब आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम रद्द किए जाने को बीजेपी की संविधान-विरोधी मानसिकता बताया। उन्होंने कहा, “बीजेपी बाबा साहेब के खिलाफ है, इसलिए कार्यक्रम कैंसिल कराया गया।”