लालू प्रसाद यादव के घर मचा घमासान! रोहिणी के बाद तीन और बेटियों ने छोड़ा घर

तीन बेटियों ने बच्चों संग पटना छोड़ा
रविवार को लालू यादव की तीन बेटियां रागिनी यादव, चंदा यादव और राजलक्ष्मी यादव पटना छोड़कर दिल्ली रवाना हो गईं। तीनों बेटियों की पटना एयरपोर्ट से तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि, हवा में उठते सवालों के बीच किसी भी बेटी ने मीडिया से बात नहीं की। यह घटना यह साफ संकेत देती है कि परिवार के भीतर चल रहा विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है।
रोहिणी आचार्य के आरोपों से शुरू हुआ विवाद
इससे पहले शनिवार को लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करते हुए अपने साथ हुई बदसलूकी का आरोप लगाया था।
उन्होंने दावा किया कि घर में पार्टी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने पर उनके भाई तेजस्वी प्रसाद यादव, पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं तेजस्वी के करीबी संजय यादव और एक अन्य सहयोगी रमीज ने उन्हें अपमानित किया, गालियां दीं और चप्पल उठाकर मारने की कोशिश की।
रोहिणी ने इसके बाद बड़ा ऐलान किया परिवार से नाता तोड़ने का फैसला और राजनीति छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे किसी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लेंगी।
तेज प्रताप यादव भी आए बहन के समर्थन में
पारिवारिक विवाद के बीच लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी के समर्थन में मजबूत बयान दिया है। तेज प्रताप ने कहा—“मेरे साथ जो हुआ, वह मैं सह गया, लेकिन मेरी बहन के अपमान को बर्दाश्त नहीं करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि उनके पिता ने इशारा कर दिया, तो “सबको ठीक कर देंगे।” इसके साथ ही कुछ लोगों को उन्होंने ‘जयचंद’ बताते हुए कहा कि बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
पारिवारिक विवाद के राजनीतिक मायने भी
चुनाव के परिणाम आने के तुरंत बाद यादव परिवार में उभरा यह विवाद राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। आरजेडी नेतृत्व, संगठन और भविष्य की भूमिका को लेकर अंदर ही अंदर खींचतान के संकेत मिल रहे हैं।
रोहिणी के आरोप और बेटियों का घर छोड़ना, दोनों मिलकर इस संकेत को मजबूत करते हैं कि परिवार के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा।
.webp)
