Waqf Amendment Act : सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- वक्फ के नाम पर किस तरह...

CM Yogi News : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार से ‘भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान’ की औपचारिक शुरुआत कर दी है। लखनऊ स्थित भागीदारी भवन में आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बाबा साहेब के योगदान को बताया प्रेरणा स्रोत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य भर में अंबेडकर की प्रतिमाओं और स्मारकों की सफाई, जनजागरूकता और सामाजिक समरसता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वक्फ मुद्दे पर विपक्ष पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष को वक्फ संपत्तियों के मुद्दे (Waqf Amendment Act) पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा,
“वक्फ के नाम पर किस तरह जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। कई मामलों में तो जमीन पर अधिकार जताने वाले लोगों के पास कोई वैध दस्तावेज तक नहीं है। इसी कारण केंद्र सरकार ने संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पास किया।”
सीएम योगी ने यह भी कहा कि वक्फ को लेकर देशभर में अशांति और हिंसा फैलाने की कोशिशें हो रही हैं, और बंगाल जैसी घटनाएं इसका प्रमाण हैं, जहां हाल ही में तीन लोगों की जान चली गई।
अंबेडकर की विचारधारा को बताया राष्ट्र के लिए अहम
सीएम योगी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और खुद को भारतीय पहचान के साथ जोड़ा। उन्होंने योगेंद्र नाथ मंडल का उदाहरण देते हुए बताया कि पाकिस्तान को समर्थन देने वाले वहां टिक नहीं पाए, और आज बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को अत्याचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मामलों में न तो सपा, न कांग्रेस और न ही ममता बनर्जी ने आवाज उठाई, लेकिन बीजेपी ने हमेशा पीड़ितों के पक्ष में खड़े होने का कार्य किया।
30 मिनट के भाषण में विपक्ष पर एक के बाद एक आरोप
करीब 30 मिनट तक चले संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों के रवैये, खासकर वक्फ संशोधन बिल पर उनके विरोध को देश के विकास और सामाजिक न्याय के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां और कार्यक्रम बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों से प्रेरित हैं, जिनमें समानता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।
राज्यभर में चलेगा सफाई और सम्मान अभियान
बाबा साहेब की जयंती से पहले, राज्य के विभिन्न अंबेडकर पार्कों, मूर्तियों और स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य न सिर्फ सफाई, बल्कि उनके विचारों का प्रसार भी है, ताकि आमजन में सामाजिक समरसता और संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
.webp)
