लिख लीजिए...14 नवंबर को मैं मुख्यमंत्री बनूंगा- तेजस्वी का दावा, बोले जनता ने इस बार बदलाव चुना

बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, कल वोटिंग के दौरान लोग शाम 6-7 बजे तक लाइन में खड़े थे, जबकि उसी वक्त एग्जिट पोल दिखने लगे। हम न तो किसी सर्वे की खुशफहमी में हैं और न ही गलतफहमी में। ये सर्वे केवल मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए जारी किए गए हैं ताकि प्रशासनिक अधिकारियों पर असर डाला जा सके। तेजस्वी यादव इस बार राघोपुर सीट से आरजेडी प्रत्याशी हैं।
एनडीए में मुख्यमंत्री का चेहरा तक तय नहीं
तेजस्वी ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा, पहले भी सर्वे में दिखाया गया था कि बिहार की जनता मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार को 16-18% से ज्यादा पसंद नहीं करती। इस बार तो एनडीए ने आधिकारिक तौर पर सीएम चेहरा भी घोषित नहीं किया। यही मीडिया पहले भी फर्जी सर्वे दिखाती रही है।
14 को नतीजे आएंगे, 18 को शपथ लेंगे
एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा, हमने पहले ही कहा था कि 14 नवंबर को नतीजे आएंगे और 18 नवंबर को हमारी सरकार शपथ लेगी। बीजेपी और एनडीए के नेताओं के पसीने छूट रहे हैं, वे बौखलाहट और बेचैनी में हैं।”
72 लाख लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस बार के चुनाव में 2020 की तुलना में 72 लाख अधिक वोट पड़े हैं, जो सरकार बदलने के संकेत हैं। अगर इन वोटों को 243 विधानसभा सीटों में बांटा जाए, तो हर सीट पर लगभग 29,500 अतिरिक्त वोट पड़े हैं। ये वोट नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें बदलने के लिए डाले गए हैं। बिहार की जनता ने इस बार स्पष्ट रूप से परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया है।”
प्रशासन पर दबाव डालने की कोशिश
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए प्रशासनिक मशीनरी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। सर्वे चलाकर मतगणना प्रक्रिया को धीमा करने की रणनीति बनाई जा रही है। जहां बम ब्लास्ट या हिंसा जैसी घटनाएं हुईं, वहां कार्रवाई नहीं हो रही, लेकिन मतगणना के दौरान सेना से फ्लैग मार्च करवाकर डर का माहौल बनाया जाएगा। मगर बिहार की जनता सब जानती है, इस बार महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने जा रहा है।
इस बार क्लीन स्वीप की तैयारी
तेजस्वी ने आत्मविश्वास से कहा, पिछली बार हमें मात्र 12 हजार वोटों के अंतर से कुछ सीटों पर हार मिली थी, लेकिन इस बार हम क्लीन स्वीप करेंगे। बिहार की जनता ने इस बार मन बना लिया है। सरकार बदलनी है, और बदलाव तय है।”
.webp)
