1. Home
  2. खेल

Lalit Upadhyay : ओलंपियन ललित उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से लिया संन्यास, बोले- यह सफर संघर्ष, सीख और...

Lalit Upadhyay

Lalit Upadhyay : भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी और टोक्यो व पेरिस ओलंपिक में पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ललित उपाध्याय ने रविवार रात अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया। अर्जुन अवार्ड से सम्मानित ललित ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी साझा की। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वे घरेलू टूर्नामेंट और प्रो हॉकी लीग में खेलना जारी रखेंगे। फिलहाल वे बेल्जियम में चल रही प्रो हॉकी लीग में टीम इंडिया का हिस्सा हैं।

गुरु को किया याद, मैदान से ओलंपिक तक का सफर

ललित ने अपने हॉकी सफर में सबसे पहले अपने कोच परमानंद मिश्र का जिक्र करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि कैसे वाराणसी के यूपी कॉलेज मैदान से हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग ली और सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।

उन्होंने लिखा, "मेरी यात्रा एक छोटे से गांव से शुरू हुई, जहां सुविधाएं तो नहीं थीं, लेकिन सपनों की कोई सीमा नहीं थी। स्टिंग ऑपरेशन जैसी कठिन परिस्थिति से लेकर दो बार ओलंपिक पोडियम तक पहुंचना, यह सफर संघर्ष, सीख और सम्मान से भरा रहा।"

26 साल बाद शहर को मिला ओलंपियन

ललित उपाध्याय ने यह भी लिखा कि उनके शहर को 26 साल बाद ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करने का गौरव मिला और यह उपलब्धि हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी। उन्होंने इस सफर में अपने कोच परमानंद मिश्र के साथ-साथ हरिंदर, समीर, धनराज पिल्लै और टीम साथी हरमनप्रीत सिंह का भी आभार व्यक्त किया।