1. Home
  2. खेल

भारत पर मंडराया निलंबन का खतरा, UWW ने कुश्ती महासंघ में राजनीतिक हस्तक्षेप पर जताई नाराजगी


यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की स्वायत्तता में हस्तक्षेप पर सख्त रुख अपनाते हुए भारत को निलंबन की चेतावनी दी है। UWW के अध्यक्ष नेनाद लालोविच ने कहा है कि यदि राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं रुका और महासंघ की स्वायत्तता बहाल नहीं हुई, तो भारत पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

खेल मंत्रालय ने दिसंबर 2023 से WFI को निलंबित कर रखा है, जिसके चलते देश में कुश्ती की सभी गतिविधियां ठप पड़ी हैं। भारतीय पहलवानों को विश्व चैंपियनशिप में तो भेजा गया, लेकिन अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भागीदारी नहीं हो पा रही है।

UWW ने स्पष्ट किया है कि महासंघ के मौजूदा पदाधिकारियों को ही मान्यता दी जाएगी और सभी अंतरराष्ट्रीय संपर्क उन्हीं के माध्यम से होंगे। निलंबन की स्थिति में भारतीय पहलवानों को UWW के झंडे तले खेलना होगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो भारतीय कुश्ती पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।