1. Home
  2. टेक

Alert! 16 अरब से ज्यादा पासवर्ड लीक, Google, Facebook, Apple सहित करोड़ों यूज़र्स पर खतरा, कहीं आपका अकाउंट भी तो इस लिस्ट में नहीं? ऐसे करें चेक

Password

16 Billion Passwords Leaked:  अगर आप इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं, खासकर गूगल, फेसबुक, ऐपल, टेलीग्राम या VPN जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बनाए हैं, तो अब आपको अलर्ट हो जाना चाहिए। एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अरब से ज्यादा यूज़रनेम और पासवर्ड ऑनलाइन लीक (Passwords Leaked) हो चुके हैं। यह अब तक के सबसे बड़े डेटा ब्रीच में से एक माना जा रहा है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ मृत्युंजय सिंह (Mrityunjay Singh) का कहना है कि यह डेटा लीक बेहद गंभीर है क्योंकि इसमें सोशल मीडिया, ईमेल अकाउंट, कॉरपोरेट लॉगिन्स, VPN, चैट ऐप्स और डेवलपर्स प्लेटफॉर्म्स तक के लॉगिन डिटेल्स शामिल हैं। यानी अगर आपने कभी भी इन सेवाओं में से किसी का उपयोग किया है, तो संभव है कि आपकी निजी जानकारी भी इस लीक का हिस्सा हो।

सिर्फ पासवर्ड नहीं, पूरा डिजिटल जीवन है खतरे में

मृत्युंजय सिंह ने बताया इस लीक से न सिर्फ आपका अकाउंट हैक हो सकता है, बल्कि आपकी पहचान की चोरी (Identity Theft), बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग अटैक और अन्य साइबर अपराध भी हो सकते हैं। यानी एक छोटी सी लापरवाही से आपका पूरा डिजिटल जीवन प्रभावित हो सकता है।

किन प्लेटफॉर्म्स के यूज़र्स रहें सतर्क?

  • Google और Gmail यूज़र्स

  • Apple ID रखने वाले लोग

  • Facebook, Instagram और WhatsApp यूज़र्स

  • Telegram और अन्य चैटिंग ऐप्स के यूज़र्स

  • VPN का इस्तेमाल करने वाले लोग

अगर आप इनमें से किसी प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं, तो आपको तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए।

कैसे चेक करें आपका पासवर्ड लीक हुआ है या नहीं

अगर आप जानना चाहते हैं कि कहीं आपका पासवर्ड भी किसी डेटा लीक या साइबर हमले का शिकार तो नहीं हुआ, तो कुछ आसान और भरोसेमंद टूल्स की मदद से आप खुद इसकी जांच कर सकते हैं।

1. Have I Been Pwned (HIBP)

यह एक बेहद लोकप्रिय और मुफ्त वेबसाइट है, जहां आप अपना ईमेल या पासवर्ड डालकर यह चेक कर सकते हैं कि वह किसी डेटा ब्रीच में लीक हुआ है या नहीं। यह प्लेटफॉर्म दुनियाभर के लीक हुए डेटा का बड़ा संग्रह रखता है और तुरंत आपको अलर्ट करता है।

2. Google Password Checkup

अगर आप Google Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो यह टूल आपके Google अकाउंट से जुड़ा होता है। यह आपके सेव किए गए पासवर्ड्स को स्कैन करता है और अगर किसी पासवर्ड की सुरक्षा खतरे में हो, तो तुरंत उसे बदलने का सुझाव देता है।

3. F-Secure Identity Theft Checker

यह टूल यह जांच करता है कि आपकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी – जैसे ईमेल, फोन नंबर या क्रेडिट कार्ड डिटेल्स – ऑनलाइन लीक हुई है या नहीं। साथ ही यह आपके ऊपर संभावित साइबर फ्रॉड के जोखिम को भी बताता है।

4. Mozilla Monitor

अगर आप Firefox ब्राउज़र का उपयोग करते हैं, तो Mozilla का यह टूल आपकी ईमेल आईडी के ज़रिए यह पता लगाता है कि वह किसी डेटा ब्रीच का हिस्सा रही है या नहीं। साथ ही यह आपको आपकी प्राइवेसी सुधारने के लिए जरूरी सुझाव भी देता है।

कैसे बचाएं अपना अकाउंट? अपनाएं ये 5 जरूरी उपाय

  1. पासवर्ड तुरंत बदलें
    अगर आपने लंबे समय से पासवर्ड नहीं बदला है या एक ही पासवर्ड कई साइट्स पर इस्तेमाल किया है, तो तुरंत नया और मजबूत पासवर्ड बनाएं।

  2. टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) ऑन करें
    इससे आपके अकाउंट में लॉगिन करने के लिए सिर्फ पासवर्ड नहीं, बल्कि एक अतिरिक्त सुरक्षा कोड की भी ज़रूरत होगी।

  3. पासकी (Passkey) का इस्तेमाल करें
    ऐपल और गूगल जैसे प्लेटफॉर्म अब पासकी का विकल्प दे रहे हैं, जो पासवर्ड से ज्यादा सुरक्षित है।

  4. अजीब ईमेल या नोटिफिकेशन को नज़रअंदाज़ न करें
    किसी भी संदिग्ध लॉगिन नोटिफिकेशन या ईमेल पर ध्यान दें और तुरंत पासवर्ड बदलें।

  5. अनयूज़्ड डिवाइसेज़ से लॉगआउट करें
    पुराने मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट में सेव लॉगिन्स को हटाएं और अकाउंट से साइन आउट करें।