Aadhaar Update Charges : आधार अपडेट के लिए मांगे जा रहे ज्यादा पैसे? ऐसे दर्ज करें शिकायत

Aadhaar Update Charges : आधार कार्ड आज के समय में एक अहम दस्तावेज बन चुका है, जिसका उपयोग सरकारी योजनाओं, बैंकिंग, मोबाइल सिम, पेंशन जैसी कई सेवाओं के लिए किया जाता है। डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने में भी आधार की अहम भूमिका रही है। आधार की वजह से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता आई है और फर्जीवाड़ा व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिली है। अगर आपके आधार कार्ड में कोई गलती है या आप उसे अपडेट करवाना चाहते हैं, तो इसके लिए नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
हालांकि, कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं जहां आधार सेवा केंद्र पर तैनात कर्मचारी तय शुल्क से अधिक राशि (Aadhaar Update Charges) की मांग करते हैं। यह नियमों के खिलाफ है और इस पर आप कार्यवाही कर सकते हैं। UIDAI ने आधार अपडेट के लिए स्पष्ट शुल्क निर्धारित किया है। डेमोग्राफिक विवरण (जैसे नाम, पता, जन्मतिथि आदि) अपडेट कराने के लिए 50 रुपये का शुल्क तय किया गया है, जबकि बायोमेट्रिक जानकारी (जैसे फिंगरप्रिंट, फोटो आदि) अपडेट कराने पर 100 रुपये का शुल्क लिया जाता है।
अगर कोई एजेंट आपसे इन निर्धारित दरों से अधिक पैसा वसूलने की कोशिश करता है, तो आप सीधे UIDAI की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कॉल करते समय आपको उस सेवा केंद्र का पूरा विवरण बताना होगा जहां यह घटना हुई है। जानकारी देने के बाद आपकी शिकायत को रिकॉर्ड किया जाएगा और मामले की जांच की जाएगी। अगर जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो दोषी एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए अगर कोई आपसे आधार अपडेट के नाम पर अतिरिक्त पैसे की मांग करता है, तो डरें नहीं, बल्कि अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए उसकी शिकायत जरूर करें।
.webp)
