सावधान! गैस कनेक्शन बंद होने के नाम पर आ रहा फर्जी मैसेज, क्लिक करते ही उड़ रहे लाखों

APK फाइल के जरिए हो रही ठगी
साइबर ठगों ने ठगी का नया और खतरनाक तरीका अपनाया है। वे खुद को गैस कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल और मैसेज करते हैं।
पहले गैस बिल बकाया होने और कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जाती है, फिर “बिल अपडेट” के नाम पर एक APK फाइल भेजी जाती है।
जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करता है, उसके फोन में मालवेयर सक्रिय हो जाता है, जो बैंकिंग जानकारी चुरा लेता है और खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
मिनटों में उड़ रहे लाखों रुपये
बीते एक महीने में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें करीब 1 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हो चुकी है।
- मुलुंड पश्चिम के 20 वर्षीय व्यापारी मितुल दोषी इस ठगी का शिकार बने। उन्होंने 1150 रुपये का भुगतान करने के बाद APK फाइल डाउनलोड की, जिसके बाद उनके खाते से 11.82 लाख रुपये निकाल लिए गए।
- वहीं मालाड पूर्व में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से महज 20 मिनट में 8.59 लाख रुपये साफ कर दिए गए।
पुलिस ने जारी की चेतावनी
पुलिस के मुताबिक, यह ठगी पूरी तरह से सुनियोजित है। ठग पहले डर पैदा करते हैं, फिर भरोसा जीतते हैं और आखिर में तकनीकी जाल बिछाकर लोगों को निशाना बनाते हैं।
यह मालवेयर फोन का पूरा एक्सेस, OTP और बैंक डिटेल्स हासिल कर लेता है, जिससे ठग आसानी से पैसे निकाल लेते हैं।
कैसे करें बचाव?
साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है—
- किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें
- केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही भुगतान करें
- गैस कंपनियां कभी भी APK फाइल के जरिए अपडेट नहीं करातीं
- ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें
.webp)
