1. Home
  2. टेक

सावधान! Godfather Malware का खतरा, आपकी एक गलती से बैंक बैलेंस हो सकता है खाली

Godfather Malware

Godfather Malware : अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूज करते हैं तो सतर्क हो जाइए, क्योंकि एक नया खतरनाक मैलवेयर आपके फोन के ज़रिए आपके बैंक खाते तक पहुंच सकता है। इस मैलवेयर का नाम है Godfather, और ये तेजी से फैल रहा है। एक छोटी सी लापरवाही से आपका सारा डेटा या पैसा खतरे में पड़ सकता है।

किसे निशाना बना रहा है Godfather Malware?

Godfather खास तौर पर बैंकिंग, क्रिप्टो करेंसी, और ई-कॉमर्स ऐप्स को अपना शिकार बना रहा है। ये बहुत ही चालाकी से काम करता है—ऐसे तकनीकी टूल्स का इस्तेमाल करता है जिससे ऐप्स का नकली वर्जन तैयार कर लिया जाता है और असली व नकली में फर्क कर पाना मुश्किल हो जाता है।

साइबर सुरक्षा कंपनी Zimperium ने इस मैलवेयर के नए रूप को खोजा है। इसका पिछला वर्जन 2021 में आया था, और कई देशों में लोगों को बड़ा नुकसान हुआ था। अब यह नए रूप में और ज्यादा खतरनाक बन गया है।

कैसे करता है ये काम?

Godfather आपके फोन में नकली लॉगिन स्क्रीन बना देता है जो दिखने में असली ऐप जैसी होती है। इसके ज़रिए यह आपकी पर्सनल जानकारी- जैसे कि पासवर्ड, पिन, बैंकिंग OTP और मैसेज चुरा लेता है।

सबसे खतरनाक बात यह है कि यह बैकग्राउंड में चुपचाप काम करता है, जिससे आपको पता भी नहीं चलता और यह पैसे ट्रांसफर कर सकता है। यानी आप सोचते रह जाते हैं कि सब ठीक है, लेकिन फोन के अंदर कोई आपकी जेब खाली कर रहा होता है।

कैसे बचा जाए इस खतरे से?

1. ऐप केवल गूगल प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें: किसी थर्ड पार्टी वेबसाइट या लिंक से ऐप्स डाउनलोड न करें।
2. 'Unknown Sources' ऑप्शन को बंद करें: फोन की सेटिंग्स में जाकर यह फीचर डिसेबल करें ताकि कोई भी अनजाना ऐप खुद से इंस्टॉल न हो पाए।
3. फोन और ऐप्स को अपडेट रखें: जब भी सॉफ़्टवेयर अपडेट या सिक्योरिटी पैच आए, तुरंत अपडेट करें।
4. संदिग्ध लिंक से बचें: किसी भी अनजान ईमेल, मैसेज या वेबसाइट के लिंक पर क्लिक करने से बचें।

कहां है इसका सबसे ज्यादा असर?

Zimperium की रिपोर्ट बताती है कि तुर्की में यह मैलवेयर अब तक 500 से ज्यादा ऐप्स को प्रभावित कर चुका है। लेकिन इसकी क्षमता को देखते हुए यह जल्द ही अन्य देशों में भी फैल सकता है, जिनमें भारत भी शामिल हो सकता है।


Godfather मैलवेयर साइबर ठगी की एक नई और खतरनाक कड़ी है। सतर्क रहें, स्मार्टफोन का इस्तेमाल सोच-समझकर करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।