1. Home
  2. टेक

Instagram पर बच्चों की मनमानी खत्म, Meta ने लागू की सख्त पैरेंटल गाइडलाइंस

Instagram

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) अब नाबालिग यूजर्स के लिए पहले जैसा खुला मंच नहीं रहेगा। Meta ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई पैरेंटल गाइडलाइंस जारी की हैं। इन नए नियमों के तहत अब 16 साल से कम उम्र के बच्चे बिना अपने माता-पिता की अनुमति के इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग नहीं कर सकेंगे। यही नहीं, अगर किसी नाबालिग को डायरेक्ट मैसेज में न्यूडिटी वाली कोई तस्वीर मिलती है तो उसे ‘अनब्लर’ करने से पहले भी पेरेंट्स की इजाजत लेनी होगी।

Meta ने यह फैसला बच्चों पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उनसे जुड़ी बढ़ती चिंताओं के चलते लिया है। कंपनी ने पहले भी सितंबर 2024 में एक Teen Account Program शुरू किया था, जिससे माता-पिता को बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिले। इसी कड़ी में अब इंस्टाग्राम पर नए सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं।

ये नए नियम सबसे पहले अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में लागू किए जाएंगे और फिर आने वाले महीनों में इन्हें दुनियाभर में रोलआउट किया जाएगा। Meta की योजना है कि फेसबुक और मैसेंजर जैसे अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी यही नियम लागू किए जाएं। इन प्लेटफॉर्म्स पर भी किशोरों के अकाउंट डिफॉल्ट रूप से प्राइवेट होंगे, अजनबियों के मैसेज ब्लॉक रहेंगे, संवेदनशील कंटेंट जैसे फाइट वीडियो को सीमित किया जाएगा और ऐप के ज्यादा इस्तेमाल पर ऑटोमैटिक रिमाइंडर मिलेगा। इसके अलावा रात के समय नोटिफिकेशन अपने आप बंद हो जाएंगे।

Meta का कहना है कि सितंबर से अब तक करीब 5.4 करोड़ टीन अकाउंट्स बनाए जा चुके हैं और कंपनी इन सभी अकाउंट्स पर बेहतर नियंत्रण और सुरक्षा उपाय लागू करने को लेकर प्रतिबद्ध है। इन बदलावों से माता-पिता को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने में आसानी होगी, वहीं बच्चों को एक सुरक्षित और सकारात्मक डिजिटल वातावरण मिलेगा जिसमें वे आत्मविश्वास से खुद को व्यक्त कर सकेंगे।