1. Home
  2. टेक

New Year Wish Scam : WhatsApp पर आने वाले न्यू ईयर के मैसेज से चंद सेकंड में हो सकता है अकाउंट खाली! स्कैमर्स इस तरह बना सकते हैं शिकार


New Year Wish Scam : नया साल नई उमंगे, उम्मीदें और खुशियां लेकर आता है। हर कोई एक दूसरे को नए वर्ष की शुभकामनाएं भरे संदेश देता है, लेकिन इस बार साइबर अपराधियों ने न्यू ईयर विश (New Year Wish Scam) के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बनाने का एक नया हथकंडा अपनाया है, जो मिनटों में आपके बैंक अकाउंट को खाली कर देगा। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट और ग्लोबल साइबर क्राइम नेशनल अवार्ड विजेता मृत्युंजय सिंह (Mrityunjay Singh) ने इस स्कैम के बारे में पूरी डिटेल देते हुए लोगों को अलर्ट किया है। साथ ही बताया है कि इससे आप कैसे खुद को बचा सकते है।

New Year Wish Scam : कैसे हो सकता है यह स्कैम?

मृत्युंसजय सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में साइबर अपराधी WhatsApp के माध्यम से आपको "हैप्पी न्यू ईयर" के संदेश (New Year Wish Scam) भेज सकते हैं। इन संदेशों में एक लिंक दिया जाएगा, जिसमें यह दावा किया जाएगा कि आप इस लिंक के जरिए अपने दोस्तों को अपने नाम से नए साल के ग्रीटिंग कार्ड भेज सकते हैं, लेकिन असल में यह लिंक एक APK फाइल टाइप मैलवेयर होगा।

New Year Wish Scam : WhatsApp पर आने वाले न्यू ईयर के  मैसेज से चंद सेकंड में हो सकता है अकाउंट खाली! स्कैमर्स इस तरह बना सकते हैं शिकार

अगर आप गलती से इस लिंक पर क्लिक करते हैं, तो यह मैलवेयर आपके फोन को हैक कर सकता है। इसका मतलब है कि आपके फोन का पूरा कंट्रोल साइबर अपराधियों के हाथ में चला जाएगा।

क्या हो सकता है नुकसान?

मृत्युंजय सिंह ने अलर्ट किया है कि इस धोखाधड़ी के जरिए अपराधी आपके फोन का निजी डेटा चोरी हो सकता हैं। इसमें आपके फोन की गैलरी, कॅान्टेक्ट नंबर, बैंक खातों की जानकारी और अन्य संवेदनशील जानकारियां शामिल हो सकती हैं।

कैसे बचें इस साइबर फ्रॉड से?

किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें: अगर आपको किसी अनजान नंबर से ग्रीटिंग कार्ड का लिंक मिलता है, तो उसे बिल्कुल न खोलें।

एंटीवायरस सॉफ़्टवेयर का उपयोग करें: अपने फोन को सुरक्षित रखने के लिए एक अच्छे एंटीवायरस सॉफ़्टवेयर का इस्तेमाल करें।

संदेश को सत्यापित करें: यदि यह संदेश आपके किसी जान-पहचान वाले से आता है, तो पहले उससे संपर्क कर इसकी सच्चाई जांचें।

फर्जी ऐप्स डाउनलोड न करें: केवल अधिकृत ऐप स्टोर (Google Play Store या Apple App Store) से ही ऐप्स डाउनलोड करें।

सतर्क रहें: किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सतर्क हो जाएं और साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।

क्यों जरूरी है सतर्कता?

त्योहारों और विशेष अवसरों के दौरान लोग अक्सर खुशियों में लापरवाह हो जाते हैं और यही समय साइबर अपराधियों के लिए अवसर बन जाता है। ऐसे में, खुद सतर्क रहना और दूसरों को भी सतर्क करना बेहद जरूरी है।

मृत्युंजय सिंह की अपील

मृत्युजंय सिंह ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के संदेशों को गंभीरता से लें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा, यह जानकारी अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें, ताकि वे भी इस धोखाधड़ी से बच सकें।

नए साल का जश्न मनाएं, लेकिन सतर्कता और सुरक्षा के साथ। साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक रहना ही सबसे बड़ा हथियार है।